पाकिस्तानी प्रशंसकों के लिए बुरी खबर, क्रिकेट से लंबी दूरी बना सकते हैं शाहीन अफरीदी - क्रिकट्रैकर हिंदी

पाकिस्तानी प्रशंसकों के लिए बुरी खबर, क्रिकेट से लंबी दूरी बना सकते हैं शाहीन अफरीदी

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सरफराज नवाज का कहना है कि शाहीन को पहले पूरी तरह से फिट हो जाना चाहिए था और उसके बाद ही बड़े टूर्नामेंट के मुकाबलों में शामिल करना चाहिए था।

Shaheen Afridi. (Photo by Michael Steele-ICC/ICC via Getty Images)
Shaheen Afridi. (Photo by Michael Steele-ICC/ICC via Getty Images)

13 नवंबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में पाकिस्तान अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रही जिसकी वजह से इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर यह ट्रॉफी अपने नाम की।

पाकिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह से फ्लॉप रहे जिसकी वजह से टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 137 रन ही बना पाई। हालांकि टीम के गेंदबाजों ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को काफी कड़ी चुनौती दी लेकिन बेन स्टोक्स और मोईन अली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। पाकिस्तान के लिए इस मैच में एक बुरी बात यह रही कि शाहीन अफरीदी एक कैच लेते समय चोटिल हो गए जिसकी वजह से वो अपने पूरे 4 ओवर नहीं फेंक पाए।

बता दें, शादाब खान की एक गेंद पर हैरी ब्रूक ने कड़ा प्रहार करना चाहा लेकिन गेंद ज्यादा दूर नहीं गई और शाहीन अफरीदी ने इस कैच को शानदार तरीके से पकड़ा। हालांकि कैच लेते समय उनके घुटने में काफी तेज दर्द उठा जिसके बाद उन्हें बीच मैच में मैदान छोड़कर जाना पड़ा।

शाहिद अफरीदी ने 16वें ओवर की पहली गेंद फेंकी लेकिन उसके बाद उनसे चला भी ना जा सका और उन्हें फिर से मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा।

PCB चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर सोहेल सलीम ने शाहीन अफरीदी की चोट को लेकर दिया बड़ा बयान

PCB के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर सोहेल सलीम ने फाइनल के बाद DAWN से शाहीन अफरीदी की चोट को लेकर कहा कि, ‘अगर इस चोट के बाद शाहीन को कोई दूसरी चोट नहीं लगती है तो उन्हें ठीक होने में 3 से 4 महीने लगेंगे। अगर PCB मेडिकल बोर्ड यह फैसला लेती है कि उन्हें सर्जरी करानी होगी तो शाहीन को 6 से 7 महीने बाहर रहना पड़ेगा।’

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सरफराज नवाज का कहना है कि शाहीन को पहले पूरी तरह से फिट हो जाना चाहिए था और उसके बाद ही बड़े टूर्नामेंट के मुकाबलों में शामिल करना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि, ‘ जुलाई से शाहीन अफरीदी ने एक भी मुकाबला नहीं खेला था और आपने उन्हें वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में शामिल कर लिया। वर्ल्ड कप के मुकाबले से पहले उनकी फिटनेस को लेकर चयनकर्ताओं को आपस में बातचीत करनी चाहिए थी।’

close whatsapp