ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच जीताऊ पारी खेलने वाले केएल राहुल को लेकर अनिल कुंबले ने दिया बड़ा बयान
8 अक्टूबर को खेले गए आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बेहतरीन मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात दी।
अद्यतन - अक्टूबर 9, 2023 4:03 अपराह्न

8 अक्टूबर को खेले गए आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बेहतरीन मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात दी और इस शानदार टूर्नामेंट के अपने अभियान की शुरुआत काफी धमाकेदार तरीके से की। इस मैच में विराट कोहली और केएल राहुल ने अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण पारी खेली और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
जहां एक तरफ भारत की ओर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली ने 116 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 85 रनों की जबरदस्त पारी खेली वहीं दूसरी ओर केएल राहुल ने 97* रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 8 चौके और दो छक्के जड़े। यही नहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मैच में केएल राहुल को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। भारत के पूर्व स्पिनर अनिल कुंबले ने केएल राहुल की पारी की जमकर तारीफ की है।
अनिल कुंबले ने ESPNक्रिकइंफो को बताया कि, ‘मुझे यह बात पता है और शायद आपको भी यह बात सही लगेगी कि क्रिकेट से थोड़े समय दूर रहने का केएल राहुल को काफी बेनिफिट मिला। सबसे अच्छी बात यह लगी कि उन्होंने अपने खेल को काफी अच्छी तरह से खेला।
सिर्फ इस मैच में नहीं बल्कि इससे पहले भी केएल राहुल ने मुश्किल समय में बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए। हम सब उनकी कला को अच्छी तरह से जानते हैं और उनके पास यह टैलेंट है कि राहुल तेज गेंदबाजों को और स्पिनर्स के सामने काफी अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं। केएल राहुल ने सच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी की।’
भारतीय टीम को अब अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना है मुकाबला
बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के दौरान केएल राहुल चोटिल हो गए थे और उन्हें काफी लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर रहना पड़ा था। हालांकि भारतीय बल्लेबाज ने एशिया कप 2023 में वापसी की और अपनी बल्लेबाजी से कई लोगों का दिल जीता।
भारतीय टीम की बात की जाए तो उन्हें अब अपना अगला मुकाबला 11 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलना है। इसके बाद में मेजबान को 14 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच खेलना है। इन दोनों ही मैच को भारतीय टीम जीतना चाहेगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करने के बाद अब केएल राहुल आने वाले इन दोनों मुकाबलों में भी जबरदस्त बल्लेबाजी करना चाहेंगे और अपनी टीम को जिताना भी चाहेंगे।