न्यूजीलैंड के खिलाफ करारी हार पर अनिल कुंबले ने भारत की जमकर की आलोचना
मुझे लगता है कि पिच ने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर दिया- अनिल कुंबले
अद्यतन - नवम्बर 3, 2024 9:11 अपराह्न

न्यूजीलैंड के खिलाफ 24 साल बाद घर पर टेस्ट सीरीज में 3-0 से व्हाइटवॉश होने के बाद भारत की चारों ओर जमकर आलोचना हो रही है। वहीं हेड कोच गौतम गंभीर भी फैन्स के निशाने पर हैं। इस बीच पूर्व भारतीय लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने भारतीय बल्लेबाजों को जमकर लताड़ लगाई है।
पहले दो टेस्ट मैच गंवाने के बाद भारतीय टीम से मुंबई टेस्ट में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। हालांकि, तीसरे टेस्ट में भी भारतीय बल्लेबाजों की खराब बल्लेबाजी जारी रही। 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया 121 रनों पर ही सिमट गई और 25 रनों से मुकाबला गंवा बैठी। जियो सिनेमा पर बात करते हुए अनिल कुंबले ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों ने पिच को ज्यादा दिमाग में बैठा लिया और इसलिए इतना खराब प्रदर्शन सामने आया।
कुंबले ने कहा, मुझे लगता है कि पिच ने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर दिया। बेंगलुरु में दूसरी पारी में एक साझेदारी को छोड़कर, शीर्ष क्रम पूरी सीरीज में एक भी सत्र में बल्लेबाजी नहीं कर सका। बहुत सारे सवाल है और आप इससे कैसे बाहर आ सकते हैं, पूछने की जरूरत है।
न्यूजीलैंड को श्रेय देना होगा- अनिल कुंबले
उन्होंने कहा कि, न्यूजीलैंड वह टीम है, जो भारत आने पर वास्तव में अच्छी यात्रा करने वाली रही है। हर किसी के पास न्यूजीलैंड के लिए कुछ कहने को है। लेकिन यह ऐसी सीरीज थी, जिसमें उनका दबदबा रहा। हां, बेशक जीत सिर्फ 25 रनों से थी, लेकिन जिस तरह से उन्होंने पिचों, परिस्थितियों, गेंदबाजी का मुकाबला किया आपको श्रेय देना होगा।
मुकाबले की बात करें तो भारत ने न्यूजीलैंड की पहली पारी को 235 रनों पर समेटने के बाद बल्लेबाजी करते हुए 263 रन बनाए। इसके बाद न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 174 रन बनाए और भारत को 147 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे वह हासिल नहीं कर सका। न्यूजीलैंड की ओर से एजाज पटेल ने मैच में 11 विकेट हासिल किए और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।