PCB के पूर्व चेयरमैन रमीज राजा पर जमकर बरसे वहाब रियाज और किए चौंकाने वाले खुलासे - क्रिकट्रैकर हिंदी

PCB के पूर्व चेयरमैन रमीज राजा पर जमकर बरसे वहाब रियाज और किए चौंकाने वाले खुलासे

वहाब रियाज ने पूर्व मुख्य चयनकर्ता मोहम्मद वसीम की भी जमकर आलोचना की है।

Wahab Riaz and Ramiz Raja (Image Source: Getty Images)
Wahab Riaz and Ramiz Raja (Image Source: Getty Images)

पाकिस्तान के अनुभवी तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पूर्व अध्यक्ष रमीज राजा को लेकर कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने पूर्व मुख्य चयनकर्ता मोहम्मद वसीम की भी जमकर आलोचना की और कहा उनके अलावा पाकिस्तान में और भी कई लोग हैं, जो इन दोनों की बर्खास्तगी से बहुत खुश हैं।

आपको बता दें, रमीज राजा और मोहम्मद वसीम को हाल ही में उनके पदों से हटा दिया गया है, और अब नजम सेठी पीसीबी के नए अध्यक्ष है, जबकि शाहिद अफरीदी अंतरिम रूप से मुख्य चयनकर्ता की भूमिका निभा रहे हैं। इस बीच, वहाब रियाज ने दावा किया कि पूर्व पीसीबी प्रमुख से कोई भी खुश नहीं था, चाहे वह क्रिकेटर या फिर बोर्ड मेंबर। अनुभवी क्रिकेटर ने आगे खुलासा किया कि रमीज राजा के कार्यकाल के दौरान 30 साल से अधिक उम्र के क्रिकेटरों को चयन के लिए अनफिट माना जाता था।

वहाब रियाज ने मोहम्मद वसीम और रमीज राजा पर निकाली भड़ास

NEWS 18 के अनुसार, वहाब रियाज ने समा टीवी पर कहा: ‘मेरी अभी हाल ही में हमारे बोर्ड के एक मेंबर से बात हो रही थी और वह बता रहे थे कि वह कितने खुश है कि रमीज भाई जा रहे हैं। उनके अंडर में काम करने वाले लोग उनसे बिलकुल भी खुश नहीं थे। मैंने रमीज भाई को उनके कार्यकाल में 4-5 बार मैसेज किया, मैंने कहा मैं आपके मैसेज और आपके कॉल का इंतजार कर रहा हूं। लेकिन उन्होंने मुझे कोई जवाब नहीं दिया, और ना ही कोई रिप्लाई। मैंने संन्यास नहीं लिया है, अभी भी खेल रहा हूं, तो फिर क्यों?’

वहाब रियाज ने आगे पूर्व मुख्य चयनकर्ता वसीम और उनके पैनल की 30 साल से अधिक उम्र के क्रिकेटर को पाकिस्तान के लिए खेलने के लिए “अनफिट” मानने के लिए आलोचना की। उन्होंने राजा की पीसीबी प्रमुख के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान अनुभवी क्रिकेटरों को दो से अधिक अवसर नहीं देने के लिए भी खरी-खोटी सुनाई।

अनुभवी तेज गेंदबाज ने अंत में कहा: ‘जो भी क्रिकेटर 30 साल से ऊपर का था, उसे पाकिस्तान टीम में चयन के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाता था। उनका कहना है कि 30 साल से ऊपर के खिलाड़ियों को चुनने से टीम की एकता या टीम के प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है, इसलिए वे उन्हें मौका नहीं देते हैं। उन्होंने जो टीम चुनी है, उसमें से किसने अच्छा प्रदर्शन किया है? मुझे नहीं लगता कि रमीज भाई के कार्यकाल के दौरान किसी अनुभवी खिलाड़ी को अधिक मौके मिले हैं। हमें 2 से ज्यादा मैच नहीं मिले। और उसके बाद मुख्य चयनकर्ता आकर कहते हैं, ‘इस टीम ने आपको बहुत खुशी दी है’। यह क्या है?’

close whatsapp