जिस खिलाड़ी ने खेले हैं CSK के लिए 36 मैच, उसको अगला कप्तान बनाने की बात कर रहे हैं सुनील गावस्कर - क्रिकट्रैकर हिंदी

जिस खिलाड़ी ने खेले हैं CSK के लिए 36 मैच, उसको अगला कप्तान बनाने की बात कर रहे हैं सुनील गावस्कर

ऋतुराज गायकवाड़ को भविष्य में चेन्नई सुपर किंग्स का कप्तान होना चाहिए- सुनील गावस्कर

Sunil Gavaskar (Photo Source: Getty Images)
Sunil Gavaskar (Photo Source: Getty Images)

चार बार आईपीएल चैंपियन रही चेन्नई सुपरकिंग्स अपने अगले कप्तान को लेकर विचार विमर्श कर रही है। दरअसल पिछले कुछ महीनों से ऐसी खबरे सामने आ रही है कि आईपीएल 2023, महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी सीजन हो सकता है। हालांकि इसको लेकर धोनी या CSK की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

लेकिन इस बीच भारत के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए अगले कप्तान का नाम सुझाया है। उन्होंने उस एक खिलाड़ी का नाम बताया है जो आने वाले समय में धोनी की जगह CSK की कप्तानी कर सकता है।

गायकवाड़ को भविष्य में CSK का कप्तान होना चाहिए- सुनील गावस्कर

दरअसल हाल ही में भारत के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर से पूछा गया कि कौन CSK का अगला कप्तान होगा। इस पर उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ का नाम सुझाया क्योंकि उनका प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनना तय है। ऐसे में अगर उन्हें चेन्नई की टीम का कप्तान बनाया जाता है तो उनका खेल मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा की तरह अगले स्तर तक जा सकता है।

उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि, “मुंबई इंडियंस के कप्तान बनने के बाद से रोहित शर्मा ने मैच विनिंग पारी खेलना शुरू किया था। मुझे लगता है कि, ऋतुराज गायकवाड़ भी उसी रास्ते पर चल सकते हैं।” उन्होंने CSK के लिए 36 मैचों में 37.71 की औसत से 1207 रन बनाए हैं।

महाराष्ट्र के लिए कप्तानी कर चुके हैं ऋतुराज गायकवाड़- सुनील गावस्कर 

सुनील गावस्कर ने आगे कहा कि, महाराष्ट्र की टीम के लिए ऋतुराज गायकवाड़ कप्तानी कर चुके हैं। इसलिए उन्हें कप्तानी का अनुभव भी है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि मुझे लगता है कि वह CSK की टीम में निश्चित हैं। ऐसे में कप्तानी के लिए आपको ऐसे खिलाड़ी का चुनाव करना चाहिए जो लगातार प्लेइंग 11 का हिस्सा हो। ऐसे में चेन्नई सुपरकिंग्स के अगले कप्तान के रूप में ऋतुराज गायकवाड़ एक बेहतर विकल्प हैं।

close whatsapp