पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज आकिब जावेद का बेतुका बयान, अर्शदीप सिंह को बताया साधारण गेंदबाज - क्रिकट्रैकर हिंदी

पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज आकिब जावेद का बेतुका बयान, अर्शदीप सिंह को बताया साधारण गेंदबाज

अर्शदीप सिंह के अभी तक भारत के लिए 11 टी-20 मुकाबलों में 20.14 के औसत से 14 विकेट झटके हैं।

aaqib javed statement on arshdeep singh (source-twitter)
aaqib javed statement on arshdeep singh (source-twitter)

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर आकिब जावेद ने भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को एक ‘साधारण गेंदबाज’ कहा है। जावेद का मानना है कि अर्शदीप के पास टी-20 क्रिकेट में गेंदबाजी करने की कला नहीं है और विरोधी टीमों को उनसे डरने की भी कोई जरूरत नहीं है।

अर्शदीप सिंह ने अपना IPL डेब्यू 2019 में किया था। हर सत्र में उनका प्रदर्शन और बेहतर होता रहा। भारतीय टीम के लिए अर्शदीप सिंह ने कई मुकाबलों के अंतिम ओवरों में बेहतरीन गेंदबाजी की है। हाल ही में समाप्त हुए एशिया कप 2022 में इस तेज गेंदबाज ने 5 मुकाबलों में 5 विकेट झटके थे।

आकिब जावेद जिन्होंने पाकिस्तान के लिए 22 टेस्ट और 163 वनडे मुकाबले खेले हैं उन्होंने अर्शदीप सिंह को लेकर कहा कि, ‘वो एक साधारण गेंदबाज हैं। देखिए, टी-20 में या तो आपको भुवनेश्वर कुमार जैसे एक शानदार स्विंग गेंदबाज की जरूरत है या फिर आपके पास गति या लंबाई होनी चाहिए जिससे आप शानदार यॉर्कर गेंदें फेंक सकें। यह दो चीजें काफी जरूरी है।

दुनियाभर के गेंदबाजों की बात की जाए तो, जब आप बुमराह के बारे में सोचते हैं तो आपको तुरंत उनकी यॉर्कर और छोटी गेंदें याद आ जाती है। हार्दिक पांड्या के पास काफी घातक उछाल है, शाहीन अफरीदी की अंदर आती गेंदें काफी घातक हैं और हारिस रऊफ के पास गति है। अर्शदीप जैसे गेंदबाज सिर्फ गेंदबाज है, उनके पास कोई ट्रेडमार्क नहीं है। विरोधी टीम ऐसे गेंदबाजों के बारे में सोचती तक नहीं है।’

अर्शदीप सिंह को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की टीम में किया गया शामिल

अर्शदीप सिंह के अभी तक के प्रदर्शन की बात की जाए तो उन्होंने भारत के लिए 11 टी-20 मुकाबलों में 20.14 के औसत से 14 विकेट झटके हैं। IPL में उन्होंने 37 मुकाबलों में 27.35 के औसत से 40 विकेट झटके हैं।

ये रही टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की भारतीय टीम:

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल , अर्शदीप सिंह।

रिजर्व खिलाड़ी:

मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई, दीपक चाहर।

close whatsapp