पाकिस्तान के खिलाफ कैच छूटने के बाद पूरी रात सो नहीं पाए थे अर्शदीप सिंह - क्रिकट्रैकर हिंदी

पाकिस्तान के खिलाफ कैच छूटने के बाद पूरी रात सो नहीं पाए थे अर्शदीप सिंह

पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 मैच में अर्शदीप सिंह ने छोड़ा था आसिफ अली का आसान कैच।

Arshdeep Singh's drop catch (Photo Source: Twitter)
Arshdeep Singh’s drop catch (Photo Source: Twitter)

हाल ही में समाप्त हुए एशिया कप 2022 में टीम इंडिया का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। भारतीय टीम पाकिस्तान और श्रीलंका से हारकर टूर्नामेंट के सुपर-4 स्टेज से बाहर हो गई। पूरे टूर्नामेंट में बतौर गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया था। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ कैच छोड़ना उनके लिए काफी मंहगा साबित हुआ और इसके बाद उन्हें उसको लेकर काफी आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा।

भारत अपने पहले सुपर 4 मैच में कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करना रहा था। पाकिस्तान की पारी की 18 वें ओवर में, अर्शदीप ने आसिफ अली का एक आसान सा कैच छोड़ दिया। आसिफ अली ने उस जीवनदान का फायदा उठाया और पाकिस्तान की जीत सुनिश्चित करने में अपनी निर्णायक भूमिका निभाई। युवा भारतीय तेज गेंदबाज को पाकिस्तान के खिलाफ हार के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बुरी तरह ट्रोल किया गया था।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कैच छूटने के बाद अर्शदीप ने अपने कोच से की थी खास बातचीत

इस बीच अब अर्शदीप के बचपन के कोच जसवंत राय ने खुलासा किया है कि आखिर उस रात अर्शदीप की मानसिक हालत कैसी थी और उस रात अर्शदीप और उनके बीच क्या खास बातचीत हुई थी। कोच ने बताया कि, बातचीत के अलावा अर्शदीप ने उनको एक दिलचस्प संदेश भी भेजा था।

इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से जसवंत राय ने बताया कि, “बाकी खिलाड़ी की तरह अर्शदीप भी थोड़े तनाव में थे लेकिन फिर हमने उनसे कहा कि उन्होंने पूरी मेहनत की है और चिंता करने की जरूरत नहीं है। जब उसने पाकिस्तान के खिलाफ कैच छोड़ दिया और आखिरी ओवर में लगभग सात रनों का बचाव किया, तो मैंने उससे बात की और उसने मुझसे कहा कि वह उस रात सो नहीं सका।”

उन्होंने आगे कहा कि, “उसने मुझे एक मैसेज भी भेजा जिसमें उसने लिखा कि वो ट्रोल्स और सोशल मीडिया पर मचे बवाल की चिंता नहीं कर रहा है। बल्कि वो इस बात को लेकर दुखी था कि उसने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी गेंदबाजी के दौरान एक बाउंड्री खाई थी। वो उस बाउंड्री से ज्यादा परेशान था।”

close whatsapp