USA के खिलाफ 4 विकेट लेकर अर्शदीप ने अपने नाम किया नया कीर्तिमान, तोड़ा अश्विन का सालों पुराना रिकॉर्ड
USA के खिलाफ मैच में अर्शदीप सिंह ने झटके चार विकेट।
अद्यतन - जून 13, 2024 7:24 पूर्वाह्न

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में बुधवार को टीम इंडिया ने अमेरिका को सात विकेट से हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की की। पहले बल्लेबाजी करते हुए USA ने टीम इंडिया के सामने 111 रन का टारगेट रखा, जिसे भारत ने 18.2 ओवर में तीन विकेट पर चेज किया। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 50 और शिवम दुबे ने नाबाद 31 रन का योगदान दिया।
भारत की इस जीत में सबसे अहम योगदान बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का रहा और इस वजह से वो प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने चार ओवर में नौ रन देकर चार विकेट और अमेरिका को 110/8 के स्कोर पर रोकने में अहम भूमिका निभाई। अर्शदीप का यह प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप में किसी भारतीय का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड स्पिनर आर अश्विन के नाम था, जिन्होंने 2014 में मीरपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 11 रन पर चार विकेट लिए थे। टी-20 वर्ल्ड कप में अर्शदीप और अश्विन के बाद बेस्ट बॉलिंग फिगर पूर्व दिग्गज भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह के नाम है। भज्जी ने 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ 12 रन खर्च करते हुए चार विकेट निकाले थे। लिस्ट में चौथे नंबर पर पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह का नाम (4/13) हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े
4/12 – हरभजन सिंह बनाम इंग्लैंड, कोलंबो, 2012
4/13 – आरपी सिंह बनाम दक्षिण अफ्रीका, डरबन, 2007
4/19 – जहीर खान बनाम आयरलैंड, नॉटिंघम, 2009
4/21 – प्रज्ञान ओझा बनाम बांग्लादेश, नॉटिंघम, 2009
इस मैच में अर्शदीप सिंह ने एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। अर्शदीप टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में मैच की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने। 25 साल के अर्शदीप टी20 वर्ल्ड कप में यह शानदार उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। पूर्व बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मशरफे मुर्तजा मैच की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज थे, जब उन्होंने 2014 विश्व कप में अफगानिस्तान के मोहम्मद शहजाद को आउट किया था।
अर्शदीप T20I क्रिकेट में मैच की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले भारतीय भी बने। IPL में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाला ये गेंदबाज टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में शानदार फॉर्म में है और अब तक तीन पारियों में पांच विकेट ले चुका है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप मैच में गेंदबाजों को पहली गेंद पर विकेट लेने वाले गेंदबाज
- मशरफे मोर्तजा (बांग्लादेश) vs अफगानिस्तान, 2014
- शापूर जादरान (अफगानिस्तान) vs हांगकांग, 2014
- रुबेन ट्रम्पेलमैन (नामीबिया) vs स्कॉटलैंड, 2021
- रुबेन ट्रम्पेलमैन (नामीबिया) vs ओमान, 2024
- अर्शदीप सिंह (भारत) vs USA, 2024