टी20 वर्ल्ड कप 2024: अर्शदीप सिंह ने न्यूयॉर्क स्टेडियम में दिखाया अपना कमाल, पहले ही ओवर में USA के दो बल्लेबाजों को वापस भेजा पवेलियन
इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
अद्यतन - Jun 12, 2024 8:47 pm

इस समय आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 का महत्वपूर्ण मुकाबला USA और भारत के बीच न्यूयॉर्क स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। उनका यह फैसला अभी तक काफी सही साबित हुआ और USA ने पहले ही ओवर में अपने दो महत्वपूर्ण विकेट खो दिए।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने काफी अच्छी गेंदबाजी की और पहले ही ओवर में दो विकेट अपने नाम किए। अर्शदीप सिंह ने पहले इस मैच की पहली गेंद पर सलामी बल्लेबाज शयान जहांगीर को एलबीडब्ल्यू किया। अर्शदीप सिंह की इनस्विंग गेंद को मेजबान टीम के सलामी बल्लेबाज बिल्कुल भी नहीं समझ पाए और एलबीडब्ल्यू हो गए।
यही नहीं इस ओवर की अंतिम गेंद पर अर्शदीप सिंह ने विकेटकीपर बल्लेबाज Andries Gous का भी विकेट झटका। Andries Gous भी अर्शदीप सिंह की गेंद को सही तरीके से समझ नहीं पाए और अपना विकेट खो बैठे। उन्होंने इस मैच में दो रन बनाए। अमेरिका की शुरुआत भारत के खिलाफ इतनी अच्छी नहीं हुई है और अगर उन्हें यह मैच अपने नाम करना है तो बड़ा स्कोर बनाना बेहद जरूरी है।
भारत ने अमेरिका के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी
बता दें, अभी तक दोनों टीमों ने इस टूर्नामेंट में दो-दो मैच खेले हैं और दोनों में उन्होंने जीत दर्ज की है। भारत ने अपने पहले मैच में आयरलैंड को हराया था, जबकि दूसरे में उन्होंने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। USA की बात की जाए तो उसने अपने पहले मैच में कनाडा को हराया था, जबकि दूसरे मैच में उन्होंने पाकिस्तान को मात दी थी।
जो भी टीम इस मैच को अपने नाम करेगी वो सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर लेगी। फिलहाल भारत ने अमेरिका के खिलाफ शुरुआत काफी अच्छी की है और वो इस मुकाबले को अपने नाम जरूर करना चाहेंगे। अगर मेजबान को यह मैच जीतना है तो उन्हें भारत के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाना बेहद जरूरी है।