'मैं चाहता हूं कि टीम अधिक से अधिक मैच जीते'- टीम में अपनी भूमिका को लेकर टिम डेविड ने दिया बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मैं चाहता हूं कि टीम अधिक से अधिक मैच जीते’- टीम में अपनी भूमिका को लेकर टिम डेविड ने दिया बड़ा बयान

आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 16 अप्रैल को होगा।

Tim David (Photo Source: Twitter)
Tim David (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 का 22वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस ने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की थी। ऐसे में टीम आगामी मुकाबले में जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी।

मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी टिम डेविड ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फिनिशिंग पारी खेल टीम को मैच जीतवाया था। इसी बीच टीम में अपने रोल को लेकर टिम डेविड ने बड़ा बयान दिया है।

पिछले मैच में लक्ष्य का पीछा करना कठिन था- टिम डेविड

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस ने रन चेज में शानदार शुरूआत की थी। कप्तान रोहित शर्मा ने 65 रनों की अच्छी पारी खेली थी। लेकिन अंत में टीम मुश्किलों में आ गई थी। जिसके बाद कैमरून ग्रीन और टिम डेविड के चलते मुंबई ने आखिरी गेंद पर 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।

टिम डेविड ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच से पहले बात करते हुए कहा, ‘एक फिनिशर के रूप में मेरा काम यह सुनिश्चित करना है कि मेरी टीम लाइन पर आ सके, यह मेरी जिम्मेदारी है। पिछले मैच में लक्ष्य का पीछा करना कठिन था, उन्होंने आखिरी कुछ ओवरों में वास्तव में अच्छी गेंदबाजी की। ग्रीन के साथ कठिन परिस्थितियों में साझेदारी निभाना अच्छा था।’

मुझे टीम के लिए फिनिशर की भूमिका निभानी है- टिम डेविड

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस की बैटिंग ऑर्डर में भी बदलाव देखने को मिले। टीम की बल्लेबाजी क्रम पर बात करते हुए टिम डेविड ने कहा, ‘यह पहले से प्लान नहीं था, जिस तरह से हम क्रम में उतरे वह परिस्थितियों के अनुसार था। हमारा मिडिल ऑर्डर काफी ज्यादा मजबूत है। एक टीम के तौर पर हमने बात की है और हम अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं।’

एक फिनिशर के रोल पर बात करते हुए टिम डेविड ने कहा, ‘मैं सुनिश्चित करना चाहता हूं कि हम अधिक से अधिक मैच जीते क्योंकि मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में आपको स्थिति के अनुकूल होना होगा। पोली (कायरन पोलार्ड) ने लंबे समय तक टीम के लिए ये किया है उनकी जगह कोई नहीं ले पाएगा। मुझे इसे अपने अनुसार करना होगा। फिर चाहे वो छक्का मारना हो या गेंदबाजों को नीचे गिराना हो।’

close whatsapp