Ashes 2023: पहला टेस्ट जीतकर भी नुकसान में रहा ऑस्ट्रेलिया, तो वहीं इंग्लैंड को अगली जीत के नहीं मिलेंगे पॉइंट्स
अब इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमें 28 जून से लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट में भिड़ेंगी।
अद्यतन - जून 21, 2023 2:27 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को एजबेस्टन में हाल ही में संपन्न हुए जारी Ashes 2023 के पहले टेस्ट के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए अपनी आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023-25 टैली से दो-दो अंक गंवाने पड़े हैं।
दरअसल, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमें पहले एशेज 2023 टेस्ट में स्लो ओवर रेट के दोषी पाए गई, जिसके कारण उनके WTC खाते से दो-दो अंक काट लिए गए और साथ उनके खिलाड़ियों पर मैच फीस का 40% जुर्माना भी लगाया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस सजा की घोषणा ऑस्ट्रेलिया के पहला एशेज 2023 टेस्ट दो विकेट से जीतने के अगले दिन की।
मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को दोषी पाया
आपको बता दें, ऑन-फिल्ड अंपायर अहसान रजा और मराइस इरास्मस, थर्ड अंपायर क्रिस गफाने और फोर्थ अंपायर माइक बर्न्स ने टीमों पर स्लो ओवर रेट के आरोप लगाए थे। जिसके बाद आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड द्वारा लिए गए समय को ध्यान में रखते हुए पाया कि दोनों टीमें अपने लक्ष्य से दो ओवर पीछे थी, जिसके बाद उन पर जुर्माना लगाया गया और दो अंक काटे गए।
यहां पढ़िए: इंग्लैंड की हार के बाद पैट कमिंस की कप्तानी के मुरीद हुए नासिर हुसैन
ICC ने आधिकारिक बयान में कहा: “ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने सजा स्वीकार कर ली है, नतीजन किसी औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं है। एंडी पाइक्रॉफ्ट ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को अपने लक्ष्य से दो ओवर पीछे पाया था।”
तो इस तरह दो अंक काटे गए
आपको बता दें, न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी कर्मियों के लिए आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, खिलाड़ियों पर प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है, जो तय समय में गेंदबाजी करने में विफल रहते हैं।
इसके अलावा, आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शर्तों के अनुच्छेद 16.11.2 के अनुसार, टीमों को प्रत्येक ओवर के लिए एक अंक का दंड दिया जाता है। नतीजतन, दोनों टीमों के खातों से दो WTC अंक काटे जाएंगे। अब दोनों टीमें 28 जून से लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट में भिड़ेंगी।