Ashes 2023: इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2 टेस्ट- खिलाड़ियों के आंकड़े और कुछ खास उपलब्धियों के बारे में जाने यहां
ऑस्ट्रेलिया इस जीत के साथ 5 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है।
अद्यतन - जून 27, 2023 1:37 अपराह्न

एशेज 2023 का पहला टेस्ट एजबेस्टन में खेला गया था जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 2 विकेट से मात दी। इस बेहतरीन मैच में ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान पैट कमिंस और उस्मान ख्वाजा ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
ऑस्ट्रेलिया इस जीत के साथ 5 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। बता दें, इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी को 8 विकेट पर 393 रन पर घोषित कर दिया जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 386 रन बनाए।
इंग्लैंड इसके बाद अपनी दूसरी पारी में बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही और 273 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया को पहला टेस्ट जीतने के लिए 281 रनों की जरूरत थी और उन्होंने इस टारगेट को 2 विकेट रहते हासिल कर लिया। इसी के साथ आज हम आपको बताते हैं कि दूसरा टेस्ट जो लंदन के द लॉर्ड्स में 28 जून से शुरू हो रहा है उसमें खिलाड़ियों द्वारा कौन-कौन से रिकॉर्ड तोड़े जा सकते हैं।
यह रहे कुछ रिकॉर्ड जो दूसरे टेस्ट में खिलाड़ियों द्वारा तोड़े जा सकते हैं
31- स्टीव स्मिथ (8969) को टेस्ट क्रिकेट में 9000 रन पूरे करने के लिए बस 31 रन और चाहिए।
4- बेन स्टोक्स (196 विकेट) को टेस्ट क्रिकेट में अपने 200 विकेट की उपलब्धि हासिल करने के लिए 4 विकेट और चाहिए।
84- स्टीव स्मिथ (14916) को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15000 रन पूरे करने के लिए 84 रनों की और जरूरत है।
49- मोईन अली (2951) को टेस्ट फॉर्मेट में 3000 रन पूरे करने के लिए 49 रनों की और जरूरत है।
10- मार्क वुड जिन्होंने अभी तक 90 विकेट टेस्ट क्रिकेट में हासिल कर चुके हैं उनको 100 विकेट की उपलब्धि को अपने नाम करने के लिए 10 विकेट और लेने की जरूरत है।
4- बेन स्टोक्स (296 विकेट) को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 300 विकेट पूरे करने के लिए 4 विकेट और लेने की जरूरत है।
2- टेस्ट क्रिकेट में 200 विकेट की उपलब्धि को हासिल करने के लिए मोईन अली (198 विकेट) को दो विकेट और अपने नाम करने होंगे।
6- अपने घर में क्रिस वोक्स (94 विकेट) को टेस्ट मुकाबलों में 100 विकेट की उपलब्धि को हासिल करने के लिए छह विकेट और लेने की जरूरत है।
9- जोश हेजलवुड ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कुल 391 विकेट झटके हैं और उन्हें 400 विकेट की उपलब्धि को हासिल करने के लिए 9 विकेट और लेने की जरूरत है।
1- डेविड वॉर्नर को बस एक कैच और पकड़ना है और वो सभी प्रारूप मिलाकर 200 कैच पकड़ने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
3- टेस्ट क्रिकेट में बेन स्टोक्स (97 कैच) को 100 कैच की उपलब्धि को पूरा करने के लिए तीन कैच और लेने हैं।
5- नाथन लियोन (495 विकेट) को टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट हासिल करने के लिए 5 विकेट और अपने नाम करने हैं।