एशेज 2023: इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने इस कारण एजबेस्टन टेस्ट के पहले दिन पहना ‘ब्लैक आर्म-बैंड’
एशेज 2023 इंग्लैंड के कप्तान के रूप में बेन स्टोक्स के लिए पहली एशेज सीरीज है।
अद्यतन - जून 16, 2023 5:28 अपराह्न

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच बहुप्रतीक्षित एशेज 2023 का आगाज आज यानी 16 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में हो चूका है, जहां बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
इस बीच, एशेज 2023 के पहले टेस्ट मैच के पहले दिन इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी और मैच अधिकारी बांह में काली पट्टी पहने हुए नजर आए। इसके अलावा, दोनों टीमों ने मैच के शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन रखा, जो इन दो कट्टर प्रतिद्वंदियों के बीच एकता और सम्मान को दर्शाता है। दरअसल, उन्होंने ब्रिटेन के एक शहर नॉटिंघम में छुरा घोंपने और वैन हमले के पीड़ितों को ट्रिब्यूट देने के लिए ऐसा किया।
नॉटिंघम हादसे के पीड़ितों को क्रिकेटर्स ने दी श्रद्धांजलि
आपको बता दें, नॉटिंघम हमले में तीन व्यक्तियों की जान चली गई, जबकि एक अन्य पीड़ित की हालत अभी गंभीर है। जिन लोगों ने इस हमले में अपनी जान गंवाई, उनमें दो युवा छात्र शामिल थे। एक का नाम ग्रेस कुमार था, जो एक प्रतिभाशाली एथलीट थे, जिन्होंने इंग्लैंड की अंडर -18 हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया और वुडफोर्ड वेल्स क्रिकेट क्लब के लिए क्रिकेट खेला करते थे। एक दूसरे का नाम बार्नबी वेबर था, और वो एक क्रिकेट फैन थी।
बेन स्टोक्स ने मैच से पहले कहा, इस सप्ताह नॉटिंघम में घटित हुई बेहद दर्दनाक घटना ने सभी को खासकर पीड़ितों के प्रिय मित्रों और परिवारों को बहुत दुख पहुंचाया है। इस घटना ने इंग्लैंड क्रिकेट को भी दुखी किया हैं, और हमें उन लोगो के बारे में बहुत दुख हुआ हैं जो इससे प्रभावित हुए हैं। हम काली पट्टी बांधकर उन्हें सम्मानित करेंगे।
इस बीच, एशेज 2023 इंग्लैंड के कप्तान के रूप में बेन स्टोक्स के लिए पहली एशेज सीरीज है, जबकि इस सीरीज के साथ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र की शुरुआत हुई। ऑस्ट्रेलिया ने इस सीरीज की शुरुआत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन के रूप में की।