एशिया कप 2022: अभी तक के अपने प्रदर्शन से खुश है विराट कोहली, कही यह बात - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: अभी तक के अपने प्रदर्शन से खुश है विराट कोहली, कही यह बात

मेरे लिए सबसे जरूरी यही है कि जब मैं बल्लेबाजी करूं तब मैं अच्छा महसूस करूं: विराट कोहली

Virat Kohli (Photo Source: Twitter)
Virat Kohli (Photo Source: Twitter)

एशिया कप 2022 टूर्नामेंट के चौथे मुकाबले में भारत ने हांगकांग को 40 रन से मात दी। भारत की ओर से दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 44 गेंदों में 59* रन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। कोहली और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए 98 रन की शानदार साझेदारी करते हुए भारतीय टीम को 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 192 रन पर पहुंचाया। बता दें, सूर्यकुमार यादव ने इस मुकाबले में 26 गेंदों में 68* रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और 6 छक्के जड़े।

पिछले काफी समय से विराट कोहली अपने बेहतरीन फॉर्म में नजर नहीं आ रहे थे जिसकी वजह से तमाम लोग उनके ऊपर सवाल उठा रहे थे। हालांकि हांगकांग के खिलाफ उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सभी लोगों की बोलती बंद कर दी।

BCCI द्वारा एक वीडियो को साझा किया गया है जिसमें विराट कोहली सूर्यकुमार यादव से बात करते हुए बता रहे हैं कि उन्होंने जो 6 हफ्तों का ब्रेक लिया था उसकी वजह से उन्होंने खेल को काफी अच्छी तरह से समझा। उन्होंने कहा कि, ‘6 हफ्तों के बाद मैंने भारतीय टीम में वापसी की है। मैं पूरी तरह से फ्रेश हूं। पाकिस्तान के खिलाफ भी जो मैंने पारी खेली थी वो मुझे काफी अच्छी लगी क्योंकि जो मेरा काम था, पारी को आगे बढ़ाना और साझेदारी को बड़ी करना वो मैंने पूरी तरह से किया। मैंने बुरी गेंदों पर बाउंड्री भी जड़ी।

मेरे लिए रिकॉर्ड बनाना और रन जड़ना सब बेकार है। मेरे लिए सबसे जरूरी यही है कि जब मैं बल्लेबाजी करूं तब मैं अच्छा महसूस करूं।

सूर्यकुमार यादव की पारी के फैन हुए विराट कोहली

हांगकांग के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने धमाकेदार पारी खेलते हुए भारतीय टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। सूर्यकुमार यादव की प्रशंसा करते हुए विराट कोहली ने कहा कि, ‘सूर्या ने काफी कमाल की बल्लेबाजी की और मुकाबले को पूरी तरह से बदलकर रख दिया। इस पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था लेकिन उन्होंने इसे काफी आसान बना दिया था।

मैंने उन्हें IPL में भी बल्लेबाजी करते हुए देखा है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी। लेकिन आज मैंने उनको इतनी पास से खेलते हुए देखा और मैं पूरी तरह से उनका फैन हो गया।

close whatsapp