एशिया कप 2022: हांगकांग के खिलाफ मैच में भारत को हार्दिक पांड्या की जरूरत नहीं पड़ेगी: आकाश चोपड़ा
मुझे लगता है कि हार्दिक पांड्या को इस मुकाबले में कुछ भी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी: आकाश चोपड़ा
अद्यतन - अगस्त 31, 2022 3:42 अपराह्न

आकाश चोपड़ा का मानना है कि भारतीय टीम को एशिया कप 2022 के हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की जरूरत नहीं पड़ेगी। बता दें, आज यानी 31 अगस्त को भारत और हांगकांग के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
भारत ने अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी थी। इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड अपने नाम किया था।
हांगकांग के खिलाफ मुकाबले का प्रीव्यू करते हुए आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में कहा कि, ‘मुझे लगता है कि हार्दिक पांड्या को इस मुकाबले में कुछ भी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनसे कहा जाएगा कि आप बस अपने हाथों को अपनी जेब में रखें और कुछ ना करें। कप्तान उन्हें गेंदबाजी करने को नहीं कहेंगे, वो उन्हें बेहतर टीम के खिलाफ गेंदबाजी करवाना चाहेंगे।
आकाश चोपड़ा के मुताबिक रोहित शर्मा, आवेश खान और रवींद्र जडेजा से उनके पूरे ओवर करवाने को देखेंगे। उन्होंने कहा कि, ‘रोहित शर्मा हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में आवेश खान और जडेजा से उनके पूरे 4 ओवर करवाना चाहेंगे। बता दें, पाकिस्तान के खिलाफ इन दोनों गेंदबाजों ने दो-दो ओवर फेंके थे।
https://youtu.be/KAWEUHhaTcg
हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले 25 रन देकर तीन विकेट झटके और फिर 17 गेंदों में 33* रन की आक्रामक पारी खेली। जडेजा ने अपने 2 ओवर में 11 रन दिए जबकि आवेश ने 19 रन देकर 1 विकेट झटका था।
हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक को बल्लेबाजी करने को नहीं मिलेगी: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा का मानना है कि हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक को हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में बल्लेबाजी करने को नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि चार नंबर के नीचे किसी भी बल्लेबाज को बल्लेबाजी करने को नहीं मिलने वाली है। जडेजा या सूर्यकुमार यादव में कोई एक नंबर चार पर बल्लेबाजी करने आएंगे। इतना पक्का है कि हार्दिक पांड्या को इस क्रम में बल्लेबाजी नहीं दी जाएगी। हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक का इस मुकाबले में बल्लेबाजी करना काफी मुश्किल लग रहा है।
भारतीय तेज गेंदबाजों को लेकर आकाश चोपड़ा ने कहा कि, ‘ये नई पिच है, इसमें घास भी है। तेज गेंदबाजों के लिए यहां काफी मदद मिलने वाली है। गेंद काफी स्विंग करेगी। भारतीय तेज गेंदबाज काफी अच्छे हैं। वहीं विरोधी टीम के पास काफी अच्छे स्पिनर हैं लेकिन तेज गेंदबाज ठीक-ठाक हैं। तेज गेंदबाजों को यहां काफी मजा आने वाला है।