एशिया कप 2022: बांग्लादेश इस समय अपने शानदार फॉर्म में नहीं है, अफगानिस्तान उन पर हावी हो सकती है: आकाश चोपड़ा - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: बांग्लादेश इस समय अपने शानदार फॉर्म में नहीं है, अफगानिस्तान उन पर हावी हो सकती है: आकाश चोपड़ा

30 अगस्त को एशिया कप के ग्रुप बी मुकाबले में अफगानिस्तान और बांग्लादेश आपस में भिड़ेंगी।

Aakash Chopra
Aakash Chopra. (Photo Source: Instagram)

आकाश चोपड़ा ने कहा है कि बांग्लादेश इस समय काफी खराब फॉर्म से जूझ रही है और अगर उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2022 में जीतना है तो उन्हें काफी कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। बता दें, 30 अगस्त को एशिया कप के ग्रुप-बी मुकाबले में अफगानिस्तान और बांग्लादेश आपस में भिड़ेंगी।

अफगानिस्तान ने इस टूर्नामेंट का अपना पहला मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ खेला था जिसमें उन्होंने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी, वहीं बांग्लादेश एशिया कप के इस संस्करण का अपना पहला मुकाबला खेल रहा है। अगर अफगानिस्तान इस मुकाबले को जीत लेता है तो वो सुपर 4 में अपनी जगह बना लेगा।

इस मुकाबले का प्रीव्यू करते हुए आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल में एक वीडियो को साझा किया है जिसमें उन्होंने कहा कि, ‘बांग्लादेश बिल्कुल भी मुकाबले नहीं जीत रही है। सिकंदर रजा ने उनके खिलाफ काफी दमदार प्रदर्शन किया। हालांकि वो वनडे मुकाबला था लेकिन टी-20 में भी उनका प्रदर्शन काफी अच्छा नहीं रहा है। यह टीम अभी भी लगातार जीत दर्ज करने को ढूंढ रही है। अगर यह पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार साबित होती है और इस पिच में ज्यादा रन नहीं बनते हैं तो बांग्लादेश के जीतने की उम्मीदें थोड़ी ज्यादा है।

आकाश चोपड़ा के मुताबिक बांग्लादेश टीम में कई खिलाड़ी ऐसे हैं जो अपने फॉर्म में नहीं है। उन्होंने कहा कि, ‘बांग्लादेश टीम की बल्लेबाजी में इस समय काफी परेशानी चल रही है। महमूदुल्लाह, शाकिब अल हसन, मुशफिकुर रहमान, सब्बीर रहमान, मेहदी हसन यह सभी खिलाड़ी टीम में मौजूद हैं लेकिन कोई भी अपने शानदार फॉर्म में नहीं हैं।

अफगानिस्तान सच में कमाल की टीम है: आकाश चोपड़ा

अफगानिस्तान टीम को लेकर आकाश चोपड़ा ने कहा कि, ‘अफगानिस्तान टीम इस समय काफी शानदार खेल रही है। उन्हें छक्के जड़ना बहुत पसंद है। हज़रतुल्ला ज़ज़ाई, रहमानुल्लाह गुरबाज़ और नजीबुल्लाह जादरान- यह पिच इन तीनों ही खिलाड़ियों के लिए मददगार साबित हो सकती है क्योंकि इसमें ना तो ज्यादा उछाल है और ना ही गेंद ज्यादा घूमती है। गेंद बल्ले में काफी अच्छी तरह से आती है और काफी दूर तक जाती भी है।

अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाजों के लिए आकाश चोपड़ा ने कहा कि, ‘वो लोग काफी अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। फजलहक फारूकी ने नई गेंद से काफी अच्छी गेंदबाजी की थी लेकिन इस बार उन्हें नई गेंद से ज्यादा मदद नहीं मिलेगी। उन्हें यहां एक विकेट मिल सकता है। स्पिन गेंदबाजों के लिए यहां ज्यादा मदद है। राशिद खान, मोहम्मद नबी और मुजीब उर रहमान यहां पर घातक साबित हो सकते हैं।

close whatsapp