Asian Games 2023: बारिश ने भी दिया भारत और पाकिस्तान का साथ, दोनों टीमों को मिला सेमीफाइनल का टिकट
भारतीय महिला टीम को 24 सितंबर को सेमीफाइनल खेलना है।
अद्यतन - सितम्बर 21, 2023 2:26 अपराह्न

एशियन गेम्स 2023 के अपने पहले मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तानी स्मृति मंधाना ने की थी। हरमनप्रीत कौर की अनुपलब्धता में उन्होंने मलेशिया के खिलाफ भारतीय महिला टीम की कप्तानी की थी। यह मैच Hangzhou के Pingfeng Campus Cricket Field में खेला गया था।
भारत ने इस मैच में काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 15 ओवर में दो विकेट होकर 173 रन बनाए। टीम की ओर से शैफाली वर्मा ने 39 गेंदों में चार चौके और 5 छक्कों की मदद से 67 रनों की तूफानी पारी खेली। मलेशिया टीम की कोई भी गेंदबाज उनके कड़े प्रहार से बच नहीं पाई।
शैफाली वर्मा ने इस मैच की भारतीय टीम की कप्तान स्मृति मंधाना के साथ पहले विकेट के लिए काफी अच्छी साझेदारी की। स्मृति मंधाना 16 गेंदों में मात्र 27 रन बनाकर आउट हो गई। मलेशिया टीम के लिए यह स्कोर काफी बड़ा था। हालांकि जैसे ही मलेशिया की पारी में 2 गेंदें हुई बारिश ने फिर से आकर मुकाबले में खलल डाली। इसके बाद मैच फिर से शुरू नहीं हो पाया और भारत ने अपने पहली पारी में दमदार प्रदर्शन की बदौलत सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
पाकिस्तान महिला टीम भी सेमीफाइनल में हुई क्वालीफाई
भारतीय महिला टीम को 24 सितंबर को सेमीफाइनल खेलना है। 22 सितंबर को होने वाले बांग्लादेश बनाम हांगकांग मुकाबले में जो भी टीम जीत दर्ज करेगी वो भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी।
पाकिस्तान टीम को भी इंडोनेशिया महिला टीम के साथ क्वार्टरफाइनल 2 का मुकाबला खेलना था लेकिन बारिश की वजह से इस मैच को भी रद्द कर दिया गया। मैच के रद्द होने के बावजूद पाकिस्तान टीम को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया है। 22 सितंबर को श्रीलंका और थाईलैंड महिला टीम के बीच जो भी जीत दर्ज करेगी वो पाकिस्तान के खिलाफ 24 सितंबर को सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी।
एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत 27 सितंबर से हो रही है। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह बना चुकी है क्योंकि उनकी आईसीसी रैंकिंग काफी अच्छी है। अब देखना यह है कि बाकी चार जगहों में 11 में से कौनसी टीम अपनी जगह बनाती है?