आसिफ अली और फरीद अहमद पर आईसीसी ने की बड़ी कार्रवाई - क्रिकट्रैकर हिंदी

आसिफ अली और फरीद अहमद पर आईसीसी ने की बड़ी कार्रवाई

आसिफ अली और फरीद अहमद आईसीसी की आचार संहिता के लेवल एक के अपराध का दोषी पाया गया।

Asif Ali And Fareed Ahmad (Image Credit- Twitter)
Asif Ali And Fareed Ahmad (Image Credit- Twitter)

पाकिस्तान के बल्लेबाज आसिफ अली और अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फरीद अहमद दोनों पर आईसीसी ने कड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को शारजाह में एशिया कप मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों पर आईसीसी की आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

आईसीसी के बयान के अनुसार अली ने आईसीसी आचार संहिता की धारा 2.6 का उल्लंघन किया जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अश्लील, आक्रामक या अपमानजनक इशारे से संबंधित है। वहीं अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फरीद अहमद को धारा 2 . 1 . 12 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जो खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ, अंपायर, मैच रैफरी या किसी भी व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क संबंधित है।

इसके अलावा, खिलाड़ियों के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है, दोनों ने 24 महीने की अवधि में कोई अपराध नहीं किया है। हालांकि मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने अपना अपराध स्वीकार किया और एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी के एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित प्रतिबंधों को स्वीकार कर लिया, इस वजह से मैच के बाद कोई औपचारिक सुनवाई नहीं की गई।

मैदानी अंपायर अनिल चौधरी और जयरामन मदनगोपाल, तीसरे अंपायर गाजी सोहेल और चौथे अंपायर रवींद्र विमलसारी ने दोनों खिलाड़ियों के व्यवहार को देखने के बाद आरोप लगाए थे।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान मैच के दौरान हुई थी दोनों के बीच लड़ाई

दरअसल बुधवार को शारजाह में खेले गए मैच में पाकिस्तान के बल्लेबाज आसिफ अली ने आउट होने के बाद अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फरीद अहमद को बल्ले से मारने की कोशिश की थी। आसिफ का विकेट लेने के बाद फरीद उनके पास जाकर जश्न मना रहे थे। इन खिलाड़ियों के बीच हुए झड़प का असर दोनों टीमों के फैंस पर भी हुआ।

मैच के बाद मैदान के बाहर भी दोनों देशों के फैंस स्टेडियम में ही आपस में लड़ते हुए नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अफगानी फैंस पाकिस्तान के फैंस को कुर्सियों से पीटते हुए नजर आ रहे हैं।

close whatsapp