ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर डेनियल सम्स टी-20 ब्लास्ट 2022 के आगामी सीजन के लिए एसेक्स से जुड़े, कुछ इस तरह जताई खुशी - क्रिकट्रैकर हिंदी

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर डेनियल सम्स टी-20 ब्लास्ट 2022 के आगामी सीजन के लिए एसेक्स से जुड़े, कुछ इस तरह जताई खुशी

डेनियल सैम्स बिग बैश लीग में लगातार सीजन दर सीजन शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

Daniel Sams
Daniel Sams. (Photo by Mark Brake – CA/Cricket Australia via Getty Images)

ऑस्ट्रेलिया के शानदार ऑलराउंडर डेनियल सैम्स बिग बैश लीग (BBL) में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब टी-20 ब्लास्ट के आगामी सीजन के लिए एसेक्स ईगल्स की तरफ से खेलते नजर आयेंगे। सैम्स गेंद और बल्ले दोनों से अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इससे पहले इस हरफनमौला खिलाड़ी को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने 2.60 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था।

बिग बैश लीग में इस शानदार ऑलराउंडर ने सिडनी थंडर के लिए 75 विकेट हासिल किये हैं और अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज साबित हुए हैं। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए अभी तक 7 टी-20 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने अपनी टीम के लिए 4 विकेट हासिल किये हैं जबकि बल्ले से उनका सर्वाधिक स्कोर 41 रहा है।

एसेक्स ईगल्स द्वारा चुने जाने के बाद सैम्स ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने उल्लेख किया कि टी-20 ब्लास्ट में एसेक्स का हिस्सा बनकर बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि वह मैदान पर टीम के लिए अपना योगदान देने के लिए उत्सुक हैं।

“एसेक्स ईगल्स में शामिल होना रोमांचक है”- डेनियल सैम्स

एसेक्स की आधिकारिक वेबसाइट के हवाले से डेनियल सैम्स ने अपने बयान में कहा “मैं टी-20 ब्लास्ट के इस सीजन में एसेक्स ईगल्स में शामिल होने का अवसर पाकर बहुत खुश हूं। इतने लंबे और समृद्ध इतिहास वाले क्लब में शामिल होना मेरे लिए गर्व की बात है। मैं टीम के खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और समर्थकों के साथ जुड़ने के लिए उत्सुक हूं और मैं टीम की सफलता के लिए मैदान में अपना भरपूर योगदान दूंगा।”

उनके अलावा प्रमुख कोच एंथनी मैकग्राथ ने कहा “मैं टी-20 ब्लास्ट के आगामी सीजन में टीम के लिए डैन को सुरक्षित करने के लिए खुश हूं। वह एक प्रभावशाली खिलाड़ी हैं और बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। सैम्स गेंद को मैदान के बाहर पहुंचाने में सक्षम हैं और वह हमारी टीम की बल्लेबाज क्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।”

close whatsapp