एबी डिविलियर्स के साथ सूर्यकुमार यादव की तुलना पर बहके कोबस ओलिवियर के बोल!
एबी डिविलियर्स के पास काफी लंबे समय तक 360-डिग्री प्लेयर होने का तमगा था, जिसे अब सूर्यकुमार यादव ने अपने नाम कर लिया है।
अद्यतन - नवम्बर 7, 2022 4:13 अपराह्न

भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने T20I क्रिकेट में पिछले एक साल में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से जो छाप छोड़ी है, हर कोई उससे बेहद प्रभावित है। वह इस समय एक कैलेंडर वर्ष में 1000 से अधिक T20I रनों के साथ दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज है।
आपको बता दें, सूर्यकुमार यादव का बल्ला इस समय ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में आग उगल रहा है। वह इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल है, जहां वह अब तक तीन अर्धशतक लगा चुके हैं, और भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
सूर्यकुमार यादव की 360-डिग्री बल्लेबाजी के कायल हुए कोबस ओलिवियर
सूर्यकुमार यादव टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अपनी 360-डिग्री बल्लेबाजी और अपने अविश्वसनीय शॉट्स से सभी को बेहद प्रभावित कर रहे हैं, जिसमें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर कोबस ओलिवियर भी शामिल है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर ने सूर्यकुमार की तुलना दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में से एक एबी डिविलियर्स से की और बताया कि कैसे गेंदबाजों की कोई भी योजना 360-डिग्री बल्लेबाज के खिलाफ काम नहीं करती है।
कोबस ओलिवियर ने क्रिकट्रैकर के बैटब्रिक्स7 प्रजेंट्स रन की रणनीति शो पर कहा: “मुझे खिलाड़ियों की तुलना करना बिल्कुल भी पसंद नहीं है, लेकिन इस समय शायद सूर्यकुमार यादव एबी डिविलियर्स के काफी करीब हैं। वह 360-डिग्री खिलाड़ी है, और उसे रोकना लगभग असंभव है। आप तेज गेंदें फेंके, बाहर या शॉर्ट, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि सब चौको और छक्कों के लिए हिट होने वाली है। सूर्यकुमार इस समय बेहद शानदार फॉर्म में हैं।
सूर्यकुमार के सभी शॉट्स चौंकाने वाले हैं, जो उनके आत्मविश्वास को दिखाते हैं। इस वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया में विकेट शानदार हैं। गेंद बल्ले पर आ रही है, और बल्लेबाज को उस तरह के शॉट खेलने दे रही है। लेकिन सूर्यकुमार यादव इस समय अपनी ही धुन में चल रहे हैं, उनके शॉट्स कमाल के होते हैं।”