आरोन फिंच को अंपायर को गाली देने के लिए आईसीसी ने लगाई फटकार; देखिए वीडियो - क्रिकट्रैकर हिंदी

आरोन फिंच को अंपायर को गाली देने के लिए आईसीसी ने लगाई फटकार; देखिए वीडियो

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच दूसरा T20I मैच 12 अक्टूबर को कैनबरा के मनुका ओवल में खेला जाएगा।

Aaron Finch (Image Source: Twitter)
Aaron Finch (Image Source: Twitter)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच को पर्थ में 9 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पहले T20I मैच के दौरान अनुचित भाषा का इस्तेमाल करने के लिए फटकार लगाई है। अनुभवी सलामी बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड T20I मैच के दौरान अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसे स्टंप माइक ने पकड़ लिया।

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की T20I सीरीज के पहले मुकाबले के दौरान 35-वर्षीय फिंच ने पर्थ स्टेडियम में इंग्लैंड की पारी के नौवें ओवर में अपना आपा खो दिया। उन्होंने ऑन-फील्ड अंपायर सैम नोगाज्स्की और डोनोवन कोच से पीछे पकड़े जाने की अपील को लेकर तुरंत जवाब नहीं मिलने पर उनके लिए कुछ अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा।

आईसीसी ने आरोन फिंच को लगाई फटकार

हुआ यूं कि आरोन फिंच ने डीआरएस लेने के लिए अपने साथियों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद ऑन-फिल्ड अंपायरों से पूछा कि क्या विकेटकीपर मैथ्यू वेड ने कैच पकड़ लिया था। जिस पर अंपायरों ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को कोई कोई जवाब नहीं दिया, और डीआरएस का समय समाप्त हो गया, जिससे वह नाराज हो गए।

जिसके बाद फिंच ने गुस्से में कहा: “यह 15 फ*** सेकंड के अंदर जानना अच्छा होता,” जो शब्द स्टंप माइक्रोफोन द्वारा पकड़ लिए गए। नतीजन ऑस्ट्रेलिया के कप्तान को आधिकारिक तौर पर खिलाड़ियों और खिलाड़ी समर्थन कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई गई है, जो “एक अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान एक श्रव्य अश्लीलता के उपयोग” से संबंधित है।

इसके अलावा लेवल 1 के अपराध के लिए फिंच के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है। हालांकि, फिंच जुर्माने से बच गए हैं, क्योंकि 24 महीने की अवधि में यह उसका पहला अपराध था, और उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है इसलिए कोई औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।

यहां देखिए कैसे आरोन फिंच ने खोया अपना आपा:

अगर मैच की बात करे, तो इंग्लैंड ने पहला T20I मैच आठ रनों से जीतकर तीन मैचों की T20I सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली, और अब दूसरा मुकाबला 12 अक्टूबर को कैनबरा के मनुका ओवल में खेला जाएगा।

close whatsapp