‘संजू के पास चुप रहने के अलावा कोई विकल्प नहीं है, टीम जहां कहे वहां बल्लेबाजी करें’ ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच विश्व कप विजेता का बड़ा बयान
पूर्व ओपनर ने कहा बार-बार बल्लेबाजी क्रम बदलने से सैमसन का आत्मविश्वास टूटा
अद्यतन - Oct 30, 2025 9:06 pm

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही टी20 सीरीज के बीच पूर्व भारतीय ओपनर और वर्ल्ड कप विजेता क्रिस श्रीकांत ने संजू सैमसन की स्थिति पर बड़ा बयान दिया है। श्रीकांत का मानना है कि सैमसन भारतीय टीम के सबसे बदकिस्मत खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्हें अपनी बल्लेबाजी पोजीशन को लेकर लगातार बदलाव झेलने पड़े हैं।
श्रीकांत बोले सैमसन की जगह टी20 वर्ल्ड कप में पक्की
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, सबसे ज्यादा दुर्भाग्यशाली खिलाड़ी संजू सैमसन हैं। वे बतौर ओपनर शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और शतक भी लगा रहे थे। लेकिन अब उन्हें 3 से लेकर 8 तक किसी भी नंबर पर भेज दिया जाता है। अगर मौका मिला तो शायद उन्हें 11वें नंबर पर भी भेज दें।
उन्होंने आगे कहा, ऐसे में किसी भी खिलाड़ी का मनोबल गिरना स्वाभाविक है। जब आप ओपनिंग में अच्छा कर रहे हों और अचानक अलग-अलग पोजीशन पर खेलना पड़े, तो आत्मविश्वास पर असर पड़ता है। लेकिन संजू के पास कोई विकल्प नहीं है, उन्हें चुप रहकर वहीं बल्लेबाजी करनी होगी, जहां टीम चाहे।
हालांकि, श्रीकांत ने यह भी माना कि सैमसन ने इन सब मुश्किलों के बावजूद अपनी जगह टीम में लगभग पक्की कर ली है। उन्होंने कहा, अच्छी बात यह है कि एशिया कप में जब संजू ने नंबर 5 पर बल्लेबाजी की, तो उन्होंने वहां भी शानदार प्रदर्शन किया।
यही वजह है कि अब वे अगले टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत के पहले विकल्प के विकेटकीपर माने जा रहे हैं। श्रीकांत ने यह भी जोड़ा कि सैमसन जैसे खिलाड़ी टीम इंडिया की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं, भले ही उन्हें स्थिर पोजीशन न मिली हो।
वर्तमान में संजू सैमसन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है और पांच मैचों की टी20 सीरीज में हिस्सा ले रहे हैं। 29 अक्टूबर को कैनबरा के मनुका ओवल में खेले गए पहले टी20 में वे टीम का हिस्सा थे, लेकिन बारिश की वजह से उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला।