
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही टी20 सीरीज के दूसरे मैच के बाद, टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को लेकर 2007 टी20 विश्व कप विजेता इरफान पठान ने बड़ा बयान दिया है। पठान का मानना है कि गिल को अब लगातार रन बनाने होंगे, क्योंकि यशस्वी जयसवाल जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी बेंच पर बैठे हैं और मौके का इंतजार कर रहे हैं
दरअसल, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में शुभमन गिल मात्र 5 रन बनाकर आउट हो गए। जबकि पहले टी20 में उन्होंने कैनबरा में 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए थे। लेकिन पिछले कुछ मैचों पर नजर डालें तो उनका प्रदर्शन लगातार गिरता हुआ दिख रहा है। पिछले 10 टी20 पारियों में गिल कुल मिलाकर 200 रन भी नहीं बना पाए हैं।
इरफ़ान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर दिया बड़ा बयान
पठान ने कहा- शुभमन गिल को अब प्रदर्शन करना ही होगा। उन्होंने संजू सैमसन की जगह ओपनिंग में जगह पाई थी, जिन्होंने तीन शतक लगाए थे। गिल में क्षमता है, नेतृत्व गुण हैं और उन्होंने आईपीएल में काफी रन बनाए हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब उन्हें लगातार स्कोर करना होगा। पिछले दस पारियों में उन्होंने 200 रन भी नहीं बनाए। ऐसे में उन पर दबाव बढ़ना तय है।
पठान ने यह भी कहा कि टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता गिल को काफी मौके दे रहे हैं, लेकिन अब समय आ गया है कि वे इस भरोसे को प्रदर्शन में बदलें। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर गिल जल्दी रन नहीं बनाते, तो यशस्वी जायसवाल को मौका मिल सकता है।
पठान ने आगे कहा- यशस्वी एक शानदार टी20 बल्लेबाज हैं, हमने उन्हें आईपीएल में 160 के स्ट्राइक रेट से खेलते देखा है। अगर इतने प्रतिभाशाली खिलाड़ी बेंच पर बैठे हैं और गिल लगातार मौके पाकर भी रन नहीं बना रहे, तो ये टीम के लिए भी मुश्किल स्थिति है।
शुभमन गिल फिलहाल भारत की टी20 टीम के उपकप्तान हैं और एशिया कप 2025 से पहले उन्हें लगातार मौके दिए जा रहे हैं। लेकिन अगर उनका बल्ला जल्द नहीं चला, तो जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जा सकता है। फैंस भी अब गिल से बड़ी पारी की उम्मीद कर रहे हैं।