ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले पाकिस्तान को लगा एक और झटका, ऐतिहासिक सीरीज के शुरू होने से पहले ही कोरोना ने मारी एंट्री
कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हैरिस रउफ को टेस्ट डेब्यू के लिए करना होगा और इंतजार।
अद्यतन - Mar 2, 2022 1:44 pm

पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू बहुप्रतीक्षित सीरीज के पहले ही एक से बढ़कर एक बड़े झटकों का सामना करना पड़ रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने हाल ही में हसन अली और फाहीम अशरफ को फिटनेस मुद्दों के चलते खो दिया था, और उनके प्रतिस्थापन के रूप में इफ्तिखार अहमद और मोहम्मद वसीम जूनियर को पाकिस्तान टीम में शामिल किया था।
अब पाकिस्तान को एक और झटके का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान के दस्ते में कोविड-19 ने से धीरे अपने पैर पसारना शुरू कर दिया है, क्योंकि उनके युवा गेंदबाज हैरिस रउफ कोविड-19 संक्रमित होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 मार्च से रावलीपिंडी में शुरू होने वाले पहले टेस्ट से बाहर हो गए है।
19 साल के युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह, जो पाकिस्तान टीम के साथ रिजर्व के तौर पर थे, को पहले टेस्ट मैच के लिए हैरिस रउफ के प्रतिस्थापन के रूप में टीम में शामिल किया गया हैं। टेस्ट क्रिकेट में अब तक 20 विकेट चटका चुके नसीम शाह ने आखिरी बार जनवरी 2021 में क्राइस्टचर्च टेस्ट में खेला था।
पाकिस्तान के दस्ते में पहुंचा कोविड-19
आपको बता दें, 28 फरवरी को जब पाकिस्तानी टीम इस्लामाबाद पहुंची तो हैरिस रउफ का कोरोना टेस्ट नेगेटिव आया था, लेकिन 1 मार्च को हुए एंटीजेन टेस्ट में वह कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं। तेज गेंदबाज का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद, पाकिस्तान टीम के अन्य खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ का टेस्ट दोबारा करवाया गया, जहां वे सभी नेगेटिव पाए गए।
Naseem Shah added to the Test squad
Details here ➡️ https://t.co/33QrH8KMhM#PAKvAUS
— PCB Media (@TheRealPCBMedia) March 1, 2022
कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हैरिस रउफ ने खुद को टीम से अलग कर लिया हैं, और अब वह पांच दिनों तक आइसोलेशन में रहेंगे और फिर टेस्ट नेगेटिव पाए जाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के साथ दोबारा जुड़ सकेंगे। वह हाल ही में PSL 2022 का खिताब जीतने वाली लाहौर कलंदर्स टीम का हिस्सा थे।
पाकिस्तान टीम के एक अधिकारी ने बताया: “हैरिस रउफ कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। वह अभी आइसोलेट हैं। पहला टेस्ट मैच तीन दिन में शुरू होना है, ऐसे में पूरी संभावना है कि वह 4 मार्च से शुरू होने वाले मैच के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। इसलिए नसीम शाह को टीम में शामिल किया गया हैं।”
आपको बता दें, ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 24 सालों बाद पाकिस्तान के दौरे पर गई है, जहां उन्हें तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के अलावा तीन वनडे और एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना हैं।