ऑस्ट्रेलिया जून में करेगी श्रीलंका दौरा, तीनों प्रारूपों में दोनों टीमें होंगी आमने-सामने - क्रिकट्रैकर हिंदी

ऑस्ट्रेलिया जून में करेगी श्रीलंका दौरा, तीनों प्रारूपों में दोनों टीमें होंगी आमने-सामने

वर्ष 2016 में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने तीनों प्रारूपों के लिए श्रीलंका का दौरा किया था।

Aaron Finch and Dasun Shanaka. (Photo by Mark Metcalfe/Getty Images)
Aaron Finch and Dasun Shanaka. (Photo by Mark Metcalfe/Getty Images)

ऑस्ट्रेलिया की टीम मौजूदा समय में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच खेल रही है। कंगारू टीम इस टेस्ट सीरीज के बाद पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज भी खेलेगी जो 29 मार्च से शुरू होंगी। वहीं, 5 अप्रैल को दोनों टीमों के बीच एकमात्र टी-20 मैच भी खेला जायेगा।

पाकिस्तान दौरे के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए श्रीलंका के खिलाफ 35 दिनों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। कंगारू टीम जून में सभी प्रारूपों के लिए श्रीलंका का दौरा करेगी जिसकी पुष्टि श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने की है। ऑस्ट्रेलिया अपने इस दौरे की शुरुआत 3 मैचों की टी-20 सीरीज से करेगी जो 7 जून से शुरू होगी।

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम 14 जून से 5 मैचों की वनडे सीरीज में श्रीलंका का सामना करेगी जो 24 जून को समाप्त होगी। वहीं दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेली जाएगी जिसका आयोजन 29 जून से किया जायेगा। ऑस्ट्रेलिया 35 दिनों के इस दौरे में श्रीलंका के खिलाफ कुल 10 मुकाबले खेलेगी।

“हम विशेष रूप से एक रोमांचक क्रिकेट की ओर बढ़ रहे हैं”- SLC सीइओ

आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार श्रीलंका का दौरा 2016 में किया था। उस दौरान ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका की टीम को टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। इसके अलावा वनडे और टी-20 सीरीज में भी ऑस्ट्रेलिया ने 5-0 और 2-0 से मेजबान टीम को मात दी थी। इस साल होने वाले आगामी दौरे को लेकर SLC के सीईओ एशली डी सिल्वा ने टिप्पणी की और इस दौरे के फायदे भी बताये।

क्रिकबज पर उन्होंने कहा, “हम विशेष रूप से रोमांचक क्रिकेट की ओर बढ़ रहे हैं। पिछली बार ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका का दौरा पांच साल पहले किया था। इस दौरे में शामिल टी-20 सीरीज से हमें आगामी टी-20 विश्व कप के लिए काफी मदद मिलेगी। इसके अलावा वनडे और टेस्ट सीरीज भी हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि हमारा लक्ष्य 2023 में होने वाला वनडे विश्व कप है और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में आगे बढ़ना है।”

close whatsapp