ऑस्ट्रेलिया के विल पुकोवस्की सहित अन्य 7 खिलाड़ी चेन्नई के एक कैंप में लेंगे हिस्सा
पिछले साल जनवरी में विल पुकोवस्की ने भारत के खिलाफ डेब्यू किया था।
अद्यतन - जुलाई 25, 2022 4:19 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के विल पुकोवस्की और सात अन्य युवा खिलाड़ी एमआरएफ पेस फाउंडेशन के साथ समझौते के तहत अगले महीने 10 दिवसीय कैंप के लिए भारत की यात्रा करेंगे। कैंप 7 से 17 अगस्त के बीच होगा। विल पुकोवस्की के अलावा जोश फिलिप, टीग वायली, कूपर कोनोली, हेनरी हंट, और स्पिनर मैट कुहनेमैन, टॉड मर्फी और तनवीर अन्य छह खिलाड़ी हैं जो इस कैंप में भाग लेंगे।
श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी थिलन समरवीरा कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा भी एमआरएफ अकादमी में सलाहकार के रूप में अपनी भूमिका के तहत मौजूद रहेंगे। ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के चयनकर्ता टोनी डोडमैड ने एमआरएफ पेस फाउंडेशन के साथ कॉन्ट्रैक्ट को करने पर प्रसन्नता व्यक्त की, जिससे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों को अपने कौशल को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
युवा खिलाड़ियों को इस कैंप से काफी मदद मिलेगा
डोडमैड ने Cricket.com.au के हवाले से कहा है कि, “एमआरएफ एकेडमी के साथ कॉन्ट्रैक्ट करना और युवा खिलाड़ियों के इस समूह को वास्तव में एक अनूठा अनुभव प्रदान करना काफी रोमांचक है। कुछ ने अतीत में उपमहाद्वीप का दौरा किया है, इसलिए यह कैंप उनके स्किल को और निखारेगी। इसके साथ ही उन्हें कठिन परिथितियों का सामना करने का भी अनुभव मिलेगा।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और चेन्नई में एमआरएफ पेस फाउंडेशन के बीच लंबे समय से एक करार है और 10 दिन का यह कैंप इसी कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा है। इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत ही भारतीय तेज गेंदबाज चेतन सकारिया और मुकेश चौधरी अगले महीने क्वींसलैंड में होने वाले टी-20 मैक्स सीरीज में खेलेंगे।
वहीं पुकोवस्की की बात करें तो उन को ऑस्ट्रेलिया के लिए अभी एक ही मैच खेलने का मौका मिला है। भारत के खिलाफ डेब्यू मैच में उन्होंने 72 रन बनाए थे। इस कैंप के बाद उम्मीद की जा रही है कि उनकी ऑस्ट्रेलियाई टीम में वापसी हो सकती है।