'वॉर्नर को हटा कर उसे कप्तान बनाना चाहिए..'- अक्षर पटेल को DC कप्तान के रूप में देखना चाहते हैं सुनील गावस्कर - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘वॉर्नर को हटा कर उसे कप्तान बनाना चाहिए..’- अक्षर पटेल को DC कप्तान के रूप में देखना चाहते हैं सुनील गावस्कर

अक्षर पटेल ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता था।

Axar Patel Sunil Gavaskar (Photo Source: Twitter)
Axar Patel Sunil Gavaskar (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 के पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 7 रनों से शानदार जीत दर्ज की। दिल्ली कैपिटल्स के उप-कप्तान अक्षर पटेल इस सीजन अपने टीम के लिए शानदार खेल दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अक्षर पटेल ने 34 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, वहीं फिर उन्होंने गेंदबाजी करते हुए दो विकेट भी अपने नाम किए।

ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते अक्षर पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी मिला। पूर्व भारतीय दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर अक्षर पटेल के प्रदर्शन से काफी ज्यादा खुश नजर आ रहे हैं। सुनील गावस्कर का कहना है कि दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी को अक्षर पटेल को कप्तान नियुक्त कर देना चाहिए।

भारतीय टीम को इससे फायदा होगा- सुनील गावस्कर

आईपीएल 2023 में डेविड वॉर्नर दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार खेल दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। लेकिन वॉर्नर की कप्तानी में टीम को लगातार पांच मुकाबलों में करारी हार झेलनी पड़ी थी। निराशाजनक प्रदर्शन के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने वापसी करते हुए लगातार दो मुकाबलों में शानदार जीत हासिल की। दिल्ली कैपिटल्स इस वक्त 4 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में दसवें स्थान पर है।

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के जीत के बाद सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘मेरा मानना है कि अक्षर पटेल को दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान नियुक्त कर देना चाहिए। वह एक ईमानदार खिलाड़ी है और अच्छी लय में भी हैं। अगर वो फ्रेंचाइजी के कप्तान नियुक्त कर दिए जाएंगे और वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो इससे भारतीय टीम को फायदा होगा। ये सभी चीजें लंबे समय के लिए की जानी चाहिए।’

मेरे लिए वह दो विकेट ज्यादा अहम है- अक्षर पटेल

अक्षर पटेल ने इस सीजन में अब तक दिल्ली कैपिटल्स के लिए 7 मैचों में 6 विकेट वहीं 7 मैचों में 182 रन बनाए हैं। अक्षर पटेल ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच जीतने के बाद कहा था, ‘मैंने गेंदबाजी करते हुए 21 रन पर 2 विकेट लिए और 34 गेंदो में 34 रन बनाए। इसलिए दो विकेट मेरे लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है। मैंने कॉफी ऑर्डर किया था लेकिन मैंने उसे वैसे ही रख दिया जब एक ही ओवर में तीन विकेट गिर गए। जिसके बाद पांडे और मैंने बात की हमें इसे अंत तक लेकर जाना है।’

close whatsapp