श्रीलंका के खिलाफ भी Babar Azam फेल, World Cup 2023 में पाकिस्तान के लिए बने बड़ी मुसीबत
बाबर आजम 15 गेंदों में सिर्फ 10 रन बना सके।
अद्यतन - अक्टूबर 10, 2023 7:48 अपराह्न

वनडे वर्ल्ड कप 2023 (World Cup 2023) में अपना दूसरा मैच खेल रही पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब हुई है। श्रीलंका द्वारा मिले 345 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 37 रनों के स्कोर पर अपने दो बड़े विकेट गंवा दिए हैं और अब वह मुश्किल में नजर आ रही है।
इन दो बड़े विकेटों में सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक (Imam ul Haq) और कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) का विकेट शामिल है। बाबर आजम लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप 2023 में सस्ते में आउट हुए हैं, जिससे पाकिस्तानी फैन्स काफी निराश दिखाई दे रहे हैं। 8वें ओवर में दिलशान मदुशंका (Dilshan Madushanka) ने बाबर आजम को पवेलियन का रास्ता दिखाया। वह 15 गेंदों में सिर्फ 10 रन बना सके।
इससे पहले बाबर आजम नीदरलैंड के खिलाफ 18 गेंद खेलने के बाद सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए थे। उनका लगातार इस तरह का निराशाजनक प्रदर्शन पाकिस्तान टीम के लिए चिंता का विषय बन गई है।
मदुशंका ने चटकाए दोनों विकेट
श्रीलंका के लिए तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका ने शानदार गेंदबाजी की है। उन्होंने दोनों विकेट अपने नाम किए। मदुशंका ने पहले इमाम को कुसल परेरा के हाथों लपकवाया। इसके बाद बाबर को आउट किया।
कुसल मेंडिस और समरविक्रमा की बदौलत श्रीलंका ने खड़ा किया विशाल स्कोर
इससे पहले कुसल मेंडिस ( Kusal Mendis) और सदीरा समरविक्रमा ( Sadeera Samarawickrama) की शतकीय पारी की बदौलत श्रीलंका ने पाकिस्तान के खिलाफ 344 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। मेंडिस ने 77 गेंदों में 14 चौके और 6 छक्कों की मदद से 122 रनों की विस्फोटक पारी खेली। वहीं समरविक्रमा ने 89 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से 108 रन बनाए।
पाकिस्तान के लिए हसन अली (Hasan Ali) ने सबसे अधिक चार विकेट हासिल किए। उनके अलावा हारिस रउफ ने 10 ओवर में 64 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि मोहम्मद नवाज, शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी को एक-एक विकेट मिला।