बाबर आजम को इस खिलाड़ी ने बताया पाकिस्तान का क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी
बाबर आजम की तारीफ करते हुए शादाब खान ने दिया बड़ा बयान।
अद्यतन - Aug 22, 2022 1:30 pm

पाकिस्तान टीम के ऑलराउंडर शादाब खान ने हाल ही में नीदरलैंड के आजक्स फुटबॉल क्लब का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने टीम के कप्तान बाबर आजम की प्रशंसा करते हुए उन्हें क्रिकेट का क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी कहा। बता दें, रोनाल्डो और मेसी दोनों ही फुटबॉल जगत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं और शायद ही कोई होगा जो इन दो खिलाड़ियों को ना जानता हो।
बाबर आजम और उनके टीम के साथियों ने नीदरलैंड के बेहतरीन फुटबॉल क्लब आजक्स या एएफसी आजक्स का दौरा किया। उन्होंने यहां कुछ उच्च प्रसिद्ध फुटबॉलरों से मुलाकात भी की। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि शादाब ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व गोलकीपर एडविन वान डेर सार के एक सवाल का जवाब देते हुए अपने कप्तान की ओर इशारा करते हुए कहा कि वो क्रिकेट के क्रिस्टियानल मेसी हैं।
'𝐇𝐞'𝐬 𝐂𝐫𝐢𝐬𝐭𝐢𝐚𝐧𝐚𝐥 𝐌𝐞𝐬𝐬𝐢 (𝐨𝐟 𝐜𝐫𝐢𝐜𝐤𝐞𝐭)'
Shadab Khan introducing Babar Azam to @AFCAjax players.pic.twitter.com/4KnJGEzmSv
— Team Babar Azam (@Team_BabarAzam) August 19, 2022
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बाबर आजम, शादाब खान, इमाम-उल-हक, हरिस राउफ, अब्दुल्ला शफीक और टीम के मैनेजर मंसूर राणा इस क्लब के खिलाड़ियों के साथ मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने एक दूसरे के साथ फोटोग्राफ भी ली। यही नहीं बाबर और दुसान ताड़िक (जो इस क्लब के बहुत ही प्रसिद्ध खिलाड़ी हैं) उन्होंने अपनी-अपनी टी-शर्ट को एक दूसरे को दी जिसके पीछे की तरफ दोनों ने अपने-अपने ऑटोग्राफ किए हुए थे।
ये रही वीडियो जिसमें शादाब बाबर आजम का परिचय एडविन वान डेर सार से करा रहे हैं
नीदरलैंड दौरे पर आई पाकिस्तान टीम ने तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। पहला मुकाबला दोनों टीमों के बीच काफी जबरदस्त रहा था और नीदरलैंड ने लगभग यह मुकाबला अपने नाम कर लिया था। हालांकि पाकिस्तान टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए इस मैच को 16 रनों से जीता।
दूसरा वनडे मुकाबला एकतरफा रहा और पाकिस्तान ने 7 विकेट्स से जीत दर्ज की। तीसरे वनडे मुकाबले में पाकिस्तान 206 पर ऑल आउट हो गई जिसके बाद नसीम शाह के शानदार गेंदबाजी के बदौलत नीदरलैंड 9 रनों से यह मुकाबला भी हार गई।
पाकिस्तान टीम के लिए इस सीरीज में एक और अच्छी बात यह रही कि बाबर आजम ने तीनों की वनडे मुकाबलों में तीन अर्धशतक जड़े और टीम की जीत में अहम योगदान दिया।