इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज नहीं कर पाए अपने नाम, लेकिन टेस्ट रैंकिंग में हुआ बड़ा इजाफा - क्रिकट्रैकर हिंदी

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज नहीं कर पाए अपने नाम, लेकिन टेस्ट रैंकिंग में हुआ बड़ा इजाफा

बाबर आजम ने पहली पारी में 78 रन और दूसरी पारी में 54 रन जड़े थे जिसकी वजह से उन्होंने स्टीव स्मिथ को पछाड़ा।

Babar Azam (Pic Source-Twitter)
Babar Azam (Pic Source-Twitter)

नवीनतम MRF टायर्स ICC पुरुष टेस्ट खिलाड़ी रैंकिंग में पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम के पायदान में काफी इजाफा हुआ है। बता दें, ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ कराची में पाकिस्तानी कप्तान ने दो अर्धशतक जड़े थे।

बाबर आजम ने पहली पारी में 78 रन और दूसरी पारी में 54 रन जड़े थे जिसकी वजह से उन्होंने स्टीव स्मिथ को पछाड़ा। स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच ब्रिसबेन में खेले गए टेस्ट मुकाबले में 36 रन और 6 रन की पारी खेली थी। बता दें, बाबर आजम अब टेस्ट रैंकिंग में दूसरे स्थान पर आ चुके हैं। वो वनडे में पहले स्थान पर है और टी-20 में चौथे स्थान पर। ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन टेस्ट रैंकिंग में पहले पायदान पर हैं और बाबर आजम उनसे 61 अंक पीछे हैं।

ऑस्ट्रेलिया के धुआंधार बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने ब्रिस्बेन टेस्ट में पहली पारी में 92 रन बनाए थे, जिसकी वजह से उनके पायदान में 3 स्लॉट का इजाफा हुआ है। वो अब अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ चौथी रैंकिंग पर आ चुके हैं और उन्होंने पहली बार 800 रेटिंग अंक को पार किया है। इससे पहले उन्होंने इसी साल जनवरी में पांचवा स्थान हासिल किया था।

नवीनतम अपडेट में चेतेश्वर पुजारा को भी काफी सफलता मिली है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के बांग्लादेश और भारत के बीच चट्टोग्राम मुकाबले में चेतेश्वर पुजारा ने 90 रन और 102 नाबाद रन की पारी खेली थी जिसकी वजह से वो अब 16वां स्थान ग्रहण कर चुके हैं। वहीं श्रेयस अय्यर की रैंकिंग में भी इजाफा हुआ है। वो अब 26वें स्थान पर पहुंच चुके हैं। शुभमन गिल ने भी बांग्लादेश के खिलाफ शानदार पारी खेलते हुए 54वीं रैंकिंग हासिल की।

अक्षर पटेल की रैंकिंग में भी हुआ इजाफा

इंग्लैंड कप्तान बेन स्टोक्स 23वें स्थान पर पहुंच चुके हैं जबकि दक्षिण अफ्रीका के टेम्बा बवूमा 24वें पायदान पर आ चुके हैं। बल्लेबाजों की सूची में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन को भी काफी इजाफा हुआ है और वो 37वीं रैंकिंग हासिल कर चुके हैं।

गेंदबाजों की सूची की बात की जाए तो दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगीसो रबाडा तीसरे पायदान पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट की दोनों पारियों में चार-चार विकेट हासिल किए थे।

भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने भी चट्टोग्राम टेस्ट में काफी अच्छी गेंदबाजी की थी। कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया था। उन्होंने 113 रन देकर 8 विकेट हासिल किए थे और अब वो 49वें स्थान पर पहुंच चुके हैं। पटेल ने 5 विकेट हासिल करते हुए 18वां पायदान अपने नाम किया है।

close whatsapp