इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में मैच जिताने वाले प्रदर्शन के बाद भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल रातों-रात टीम इंडिया के स्टार प्लेयर बन गए। ध्रुव ने पहली पारी में 90 रनों की शानदार पारी खेली और फिर दूसरी पारी में 39* रन बनाकर भारत को 192 रनों के लक्ष्य का पीछा करने में मदद की।
जुरेल ने अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ विकेट के पीछे भी शानदार प्रदर्शन किया और कुछ शानदार कैच लपके। उन्होंने DRS कॉल लेने में भी कप्तान की बहुत मदद की। इस बीच, ध्रुव की मैच अवेयरनेस ने भारत को धर्मशाला में पांचवें टेस्ट में ओली पोप का विकेट दिलाने में मदद की।
26वें ओवर की दूसरी गेंद पर, ध्रुव ने ओली पोप के क्रीज से बाहर निकलने की भविष्यवाणी की और कुलदीप यादव को अपना लेंथ पीछे रखने के लिए कहा। उन्होंने गेंद से ठीक पहले गेंदबाज कुलदीप यादव को बताया था कि बल्लेबाज आगे बढ़ेगा और ऐसा ही हुआ। कुलदीप ने भी परख लिया कि बल्लेबाज ओली पोप आगे निकलेंगे तो उन्होंने एक अच्छी गेंद उनसे आगे फेंकी। इस ट्रैप में ओली पोप फंस गए और ध्रुव जुरेल ने उनको आउट कर दिया।
इस दौरान कमेंट्री कर रहे हर्षा भोगले ने बताया कि कैसे ध्रुव जुरेल ने कुलदीप को पहले ही बता दिया था कि बढ़ेगा आगे…बढ़ेगा आगे…कुलदीप भी समझ गए थे कि ओली पोप ऐसा कर सकते हैं, क्योंकि पहले सेशन की आखिरी कुछ गेंदों का खेल बाकी थी और वे चाहते थे नाबाद लौटें, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
ध्रुव जुरेल का दिमाग और कुलदीप यादव की चालाकी भरी गेंदबाजी की बदौलत भारत ने पहले सत्र के बाद वापसी की। बता दें कि लंच तक इंग्लैंड की टीम का स्कोर 100/2 था और इंग्लैंड की टीम ने चाय ब्रेक तक कुल 8 विकेट गंवा दिए और पूरी टीम लंच ब्रेक के बाद 218 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।