T20 वर्ल्ड कप से पहले आयरलैंड ने रचा इतिहास, टी-20 में पहली बार पाकिस्तान को हराया
तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है आयरलैंड की टीम।
अद्यतन - May 11, 2024 1:36 pm

2 जून से टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का आयोजन किया जाएगा, यह आईसीसी टूर्नामेंट इस बार यूएसए और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। इस प्रमुख टूर्नामेंट से ठीक पहले पाकिस्तान इन दिनों आयरलैंड के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेल रहा है। इस सीरीज के जरिए दोनों टीमें टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारियों को और पुख्ता कर रही है।
सीरीज का पहला टी-20 मैच कल (10 मई) डबलिन में खेला गया, जिसे मेजबान आयरलैंड ने 5 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस हार के बाद पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप 2024 की तैयारी को तगड़ा झटका लगा है। मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 182 रन बनाए। आयरलैंड ने एक गेंद रहते 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
बाबर आजम ने एक बार फिर खेली धीमी पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही और दूसरे ओवर में मोहम्मद रिजवान रन आउट हो गए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए बाबर आजम ने 43 गेंदों पर 57 रन बनाए। उन्होंने सइम आयूब के साथ दूसरे विकेट के लिए बाबर ने 85 रनों की साझेदारी की। आयूब ने 29 गेंदों पर 45 रनों का योगदान दिया। मध्यक्रम में फखर जमान ने 18 गेंदों पर 20 रनों की पारी खेली। अंत में पाकिस्तान 20 ओवर में 182 रन बनाने में कामयाब रहा। आयरलैंड के लिए क्रेग यंग ने दो विकेट लिए।
एंड्रयू बालबर्नी ने अर्धशतकीय पारी खेलकर दिलाई आयरलैंड को ऐतिहासिक जीत
हालांकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत भी खराब रही। पॉल स्टर्लिंग 8 और फिर टकर 4 रन बनाकर आउट हो गए। 27 रनों पर दो विकेट गिरने के बाद एंड्रयू बालबर्नी और हैरी टेकर ने पारी को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी हुई। 27 गेंद पर 36 रन बनाकर टेकर इमाद वसीम का शिकार बने। बालबर्नी ने एक छोर संभाले रखा और वो 19वें ओवर में बलबिरनी 55 गेंद पर 77 रनों की पारी खेलकर आउट हुए।
आखिरी ओवर में आयरलैंड को 11 रन चाहिए थे। पहले ही गेंद पर अब्बास अफरीदी के खिलाफ कर्टिस कैम्पर ने चौका मारा। तीसरे गेंद पर दो रन और चौथे गेंद पर चौका मारकर उन्होंने मैच को बराबरी पर ला खड़ा किया। 5वीं गेंद पर लेग बाई के रन ने आयरलैंड को ऐतिहासिक जीत दिलाई।