रोहित शर्मा के भारत लौटते ही टीम इंडिया की सुई रिप्लेसमेंट के लिए अभिमन्यु ईश्वरन पर अटकी
अभिमन्यु ईश्वरन बांग्लादेशी परिस्थितियों के बखूबी वाकिफ है।
अद्यतन - दिसम्बर 10, 2022 12:53 अपराह्न

बांग्लादेश दौरे पर भारतीय खेमें में चोटिल खिलाड़ियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ, जिसके चलते कुछ नए चेहरों को आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में मौका दिया जा सकता हैं। हालांकि, जयदेव उनादकट भारतीय क्रिकेट में नया चेहरा नहीं है, लेकिन यह 31-वर्षीय तेज गेंदबाज 12 वर्षों बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार है, और उन्हें यह सुनहरा मौका मोहम्मद शमी के चोटिल होने के कारण मिल पाया है।
वहीं दूसरी ओर, सौरभ कुमार कथित तौर पर रवींद्र जडेजा के प्रतिस्थापन के रूप में दूसरे नए खिलाड़ी हो सकते हैं, लेकिन बीसीसीआई ने अब तक न तो जयदेव उनादकट को भारत के टेस्ट स्क्वॉड में मोहम्मद शमी की जगह शामिल करने की पुष्टि की है, और ना ही जडेजा के आगामी टेस्ट सीरीज से बाहर होने की कोई जानकारी दी है।
अभिमन्यु ईश्वरन बांग्लादेश दौरे पर कर सकते हैं भारत के लिए डेब्यू
इस बीच, अब खबर आ रही है कि बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन 14 दिसंबर से बांग्लादेश के खिलाफ शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए चटगांव में भारत की टेस्ट टीम में शामिल होंगे। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय चयनकर्ता कप्तान रोहित शर्मा के बाएं-हाथ के अंगूठे में लगी चोट पर बीसीसीआई के मेडिकल स्टाफ की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
जैसे ही बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए रोहित शर्मा की उपलब्धता पर क्लैरिटी मिलती है, बीसीसीआई अपना अंतिम निर्णय लेगा, लेकिन अनकैप्ड सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन को उनके संभावित प्रतिस्थापन के रूप में देखा जा रहा है, यदि भारतीय कप्तान उपलब्ध नहीं रहते हैं।
आपको बता दें, अभिमन्यु ईश्वरन पहले से ही सिलहट में हैं, जहां उन्होंने बांग्लादेश ए के खिलाफ दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में भारत ए का नेतृत्व किया, जहां उन्होंने अपनी दो पारियों में 141 और 157 रन बनाए। 27-वर्षीय बल्लेबाज घरेलू क्रिकेट में बंगाल के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्होंने अब तक 78 प्रथम श्रेणी मैचों में 45.33 के औसत से 5576 रन बनाए।
इसके अलावा, ईश्वरन बांग्लादेशी परिस्थितियों के बखूबी वाकिफ है, क्योंकि वह ढाका प्रीमियर लीग में नियमित रूप से हिस्सा लेते हैं, इसलिए यह चीज सिलेक्शन में अहम भूमिका निभा सकती है। हालांकि, वर्तमान स्थिति को देखे, तो केएल राहुल और शुभमन गिल पहले टेस्ट में ओपनिंग कर सकते है, अगर रोहित शर्मा उपलब्ध नहीं होते हैं। वहीं ईश्वरन एक बेहतरीन बैक-अप विकल्प हो सकते है, अगर बीसीसीआई उन्हें चुनता है।