जब ईशान किशन के दोहरा शतक जड़ते ही भांगड़ा करने से खुद रोक नहीं पाए विराट कोहली; देखिए वीडियो
विराट कोहली और ईशान किशन ने तीसरे वनडे में दूसरे विकेट के लिए 190 गेंदों में 290 रनों की साझेदारी की।
अद्यतन - दिसम्बर 10, 2022 4:15 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश दौरे पर पहले दो वनडे मैचों में मात झेलने के साथ वनडे सीरीज गंवाने के बाद तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में बेहतरीन वापसी की। भारत के युवा बल्लेबाज ईशान किशन ने चटोग्राम के जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में 10 दिसंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे और अंतिम वनडे मैच में रिकॉर्ड तोड़ पारी खेली।
उन्होंने 24 चौकों और 10 छक्कों की मदद से केवल 131 गेंदों पर 210 रनों की अद्भुत पारी खेली। इस यादगार पारी के साथ ईशान किशन वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के सातवें और सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा और वीरेंद्र सहवाग के बाद भारत के चौथे बल्लेबाज बन गए। इसके साथ ही युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज क्रिस गेल का भी वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
जब ईशान किशन संग विराट कोहली ने किया भांगड़ा
आपको बता दें, क्रिस गेल ने 138 गेंदों में 2015 आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना दोहरा शतक लगाया था, जबकि ईशान किशन ने मात्र 126 गेंदों में यह रिकॉर्ड तोड़ दोहरा शतक जड़ा।
एक तरफ जहां ईशान किशन ने 131 गेंदों में 210 रनों की पारी खेली, वहीं विराट कोहली जिन्हे 1 रन पर जीवनदान मिला ने भी 91 गेंदों में 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 113 रनों की शानदार पारी खेली, और साथ ही इन दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 190 गेंदों में 290 रनों की साझेदारी की और टीम इंडिया को बांग्लादेश के खिलाफ 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 409 रनों का विशाल स्कोर पोस्ट करने में मदद की।
इस बीच, इस समय सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जहां विराट कोहली ईशान किशन के दोहरा शतक पूरा करने के बाद मैदान में भांगड़ा करते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल, ईशान जैसे ही अपने रिकॉर्ड-तोड़ दोहरे शतक का जश्न मनाकर पिच पर लौट रहे होते हैं, विराट कोहली उनके पास भांगड़ा करते हुए पहुंचते हैं, और युवा बल्लेबाज को गले लगाकर इस उपलब्धि पर बधाई देते हैं।
यहां देखिए वीडियो –
The celebration from Ishan Kishan on reaching 200 was wholesome!
A 'Bhangra' cameo from Virat Kohli! pic.twitter.com/LYS1x1kMeG
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) December 10, 2022