श्रीलंका के खिलाफ अंतिम टेस्ट से पहले बांग्लादेश को लगा बड़ा झटका - क्रिकट्रैकर हिंदी

श्रीलंका के खिलाफ अंतिम टेस्ट से पहले बांग्लादेश को लगा बड़ा झटका

नईम हसन ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में 6 विकेट लिए थे।

Bangladesh spinner Nayeem Hasan has been ruled out of the second Sri Lanka Test. (Photo Source: Twitter)
Bangladesh spinner Nayeem Hasan has been ruled out of the second Sri Lanka Test. (Photo Source: Twitter)

श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट मैच ड्रॉ के साथ समाप्त होने के बाद बांग्लादेश को एक बड़े झटके का सामना करना पड़ा है। बांग्लादेश के युवा ऑफ स्पिनर नईम हसन चोट के चलते श्रीलंका के खिलाफ 23 मई से खेले जाने वाली दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं।

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के मुख्य चिकित्सक देबाशीष चौधरी ने पुष्टि की है कि नईम हसन की उंगली में पहले टेस्ट मैच के दौरान चोट लग गई है, जिसके कारण वह श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

नईम हसन हुए दूसरे टेस्ट मैच से बाहर

देबाशीष चौधरी ने आगे बताया नईम हसन के वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में खेल पाने की संभावनाएं भी  बहुत कम हैं। टीम के मुख्य चिकित्सक का मानना है कि युवा स्पिनर हसन को उंगली की चोट से उबरने और मैदान में वापसी के लिए कम से कम तीन से चार हफ्ते लग जाएंगे।

देबाशीष चौधरी ने एक बयान में कहा: “उंगली में फ्रैक्चर के कारण नईम हसन श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। फ्रैक्चर के ठीक होने के लिए कम से कम तीन से चार सप्ताह की आवश्यकता होगी, जिसे देखते हुए उसके वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने की संभावनाएं बिल्कुल भी नजर नहीं आ रही है।”

बांग्लादेश टीम के मुख्य चिकित्सक ने आगे बताया: “हमने तीन से चार दिन पहले नईम हसन की उंगली का प्लास्टर खोल दिया था, और इस समय युवा स्पिनर अपनी फिजियोथेरेपी करवा रहे हैं। हमें उम्मीद और विश्वास है कि वह वेस्टइंडीज दौरे के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।”

आपको बता दें, नईम हसन ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी की। युवा ऑफ-स्पिनर ने 30 ओवरों में केवल 105 रन देकर 3.50 रन प्रति ओवर की प्रभावशाली इकॉनमी दर के साथ छह विकेट चटकाएं थे। युवा स्पिनर के प्रदर्शन को देखते हुए उनका दूसरे टेस्ट से बाहर होना बांग्लादेश के लिए बड़ा झटका है।

close whatsapp