बांग्लादेश ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए अपने स्क्वॉड का किया ऐलान
पहला टेस्ट दिसंबर 14 को चट्टोग्राम में खेला जाएगा जबकि दूसरा टेस्ट 22 दिसंबर से ढाका में होगा।
अद्यतन - Dec 8, 2022 5:24 pm

भारत इस समय बांग्लादेश दौरे पर है। इस समय दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। हाल ही में दूसरा वनडे मैच भी संपन्न हुआ जिसको मेजबान ने अपने नाम किया। इस समय बांग्लादेश वनडे सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बनाई हुई है।
अब दोनों टीमों के बीच 14 दिसंबर से दो टेस्ट मुकाबलों की सीरीज शुरू होने वाली है। बांग्लादेश ने पहले टेस्ट मुकाबले के लिए अपने 17 सदस्यीय दल की घोषणा की है। अनुभवी बल्लेबाज तमीम इकबाल अभी तक पूरी तरह से अपनी चोट से ठीक नहीं हुए हैं और इसी वजह से वो पहले टेस्ट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। अनकैप्ड टॉप ऑर्डर बल्लेबाज जाकिर हसन को पहली बार बांग्लादेश टीम में शामिल किया गया है और वो तमीम की जगह खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
जाकिर ने हाल ही में भारत ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट की दूसरी पारी में शानदार 173 रन बनाए थे, जिसकी बदौलत मेजबान इस मैच को ड्रॉ कराने में सक्षम रही थी। मुशफिकुर रहीम भी टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं। तस्कीन अहमद जो वनडे सीरीज में नहीं खेल पाए उनको भी फिट घोषित कर दिया गया है।
BCB की यही दुआ दूसरे टेस्ट से पहले तमीम इकबाल हो जाए पूरी तरह से फिट
BCB के मुख्य चयनकर्ता मिन्हाजुल आबेदीन यही दुआ कर रहे हैं कि तमीम इकबाल दूसरे टेस्ट मैच से पहले पूरी तरह से फिट हो जाए।
क्रिकबज के मुताबिक मिन्हाजुल ने कहा कि, ‘हमारे फिजियो ने कहा कि तमीम पहले टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे लेकिन हम दूसरे टेस्ट मुकाबले से पहले उनकी मेडिकल रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रहे हैं। पहले टेस्ट के लिए हमने अपने दल की घोषणा कर दी है।
जाकिर की बात की जाए तो वह घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और इसी वजह से उन्हें टेस्ट दल में शामिल किया गया है।’ पहला टेस्ट दिसंबर 14 को चट्टोग्राम में खेला जाएगा जबकि दूसरा टेस्ट 22 दिसंबर से ढाका में होगा।
भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए बांग्लादेश की टीम:
महमूदुल हसन जॉय, नजमुल हसन शंटो, मोमिनुल हक, यासिर अली चौधरी, मुशफिकुर रहीम, शाकिब अल हसन (कप्तान), लिटन दास, नुरूल हसन, मेहदी हसन मिराज, ताइजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, सैयद खालिद अहमद, इबादत हुसैन, शोरीफुल इस्लाम, जाकिर हसन, रेजौर रहमान राजा, अनामुल हक बिजॉय