चेतेश्वर पुजारा और शुभमन गिल की बेहतरीन पारी के बदौलत भारतीय टीम ने बांग्लादेश को दिया 513 रन का लक्ष्य - क्रिकट्रैकर हिंदी

चेतेश्वर पुजारा और शुभमन गिल की बेहतरीन पारी के बदौलत भारतीय टीम ने बांग्लादेश को दिया 513 रन का लक्ष्य

भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने 152 गेंदों में 110 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 3 छक्के जड़े।

Cheteshwar Pujara and Shubhman Gill (Pic Source-Twitter)
Cheteshwar Pujara and Shubhman Gill (Pic Source-Twitter)

चट्टोग्राम में बांग्लादेश और भारत के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मुकाबले का तीसरा दिन आज संपन्न हुआ। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने 152 गेंदों में 110 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 3 छक्के जड़े।

शुभमन गिल के अलावा अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने 130 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 102 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों ने किसी भी बांग्लादेशी गेंदबाज को नहीं बख्शा और सभी पर कड़ा प्रहार किया। बता दें, इस दौरे से पहले मेजबान बांग्लादेश तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर चुकी है।

पहले टेस्ट की बात की जाए तो भारत ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 404 रन बनाए। टीम की ओर से चेतेश्वर पुजारा ने 203 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 90 रन की पारी खेली जबकि श्रेयस अय्यर ने 192 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 86 रन बनाए। रविचंद्रन अश्विन ने 113 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 58 रन की पारी खेली। कुलदीप यादव ने भी 40 रन का अहम योगदान दिया।

जवाब में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को उनकी पहली पारी में 150 रन पर ऑलआउट कर दिया। मेजबान की ओर से मुशफिकुर रहीम ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। मेहदी हसन मिराज ने 25 रन का योगदान दिया जबकि जाकिर हसन ने 20 रन बनाए। लिटन दास ने 24 रन की पारी खेली।

भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 16 ओवर में 40 रन देकर 5 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट अपने नाम किए जबकि उमेश यादव और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट झटका।

भारत ने बांग्लादेश को 513 रन का लक्ष्य दिया

भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी 258 रन पर दो विकेट पर घोषित की। कप्तान केएल राहुल एक बार फिर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और मात्र 23 रन पर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की बहुमूल्य साझेदारी की। विराट कोहली ने दूसरी पारी में 19* रन का अहम योगदान दिया।

बांग्लादेश की ओर से खालिद अहमद और मेहदी हसन मिराज ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने 12 ओवर में बिना विकेट खोए 42 रन बना लिए हैं। हालांकि वो अभी भी 471 रन से पीछे हैं। नजमुल हसन 42 गेंदों में तीन चौके जड़ 25* रन पर खेल रहे हैं जबकि जाकिर हसन ने 30 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 17* रन बनाए हैं।

close whatsapp