मानसिक परेशानी से जूझ रही बांग्लादेशी महिला क्रिकेटर ने क्रिकेट से दो महीने का लिया ब्रेक

मानसिक परेशानी से जूझ रही बांग्लादेशी महिला क्रिकेटर ने दो महीने का लिया ब्रेक

जहांआरा आलम ने अपने करियर में बांग्लादेश के लिए अब तक 52 वनडे और 83 टी20 मैच खेले हैं।

Jahanara Alam
Jahanara Alam. (Photo Source: Twitter)

बांग्लादेश की महिला क्रिकेटर जहांआरा आलम ने क्रिकेट से दो महीने का ब्रेक लिया है। उन्होंने ये फैसला इसलिए लिया, क्योंकि वो मानसिक परेशानी से जूझ रही थी। यह बात बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने सोमवार को बताई।

उनका कहना है कि, उनकी मेंटल हेल्थ फिलहाल ठीक नहीं है, जिसकी वजह से वह क्रिकेट नहीं खेलना चाहती हैं। इसके साथ ही उनकी क्रिकेट मैदान पर वापसी कब होगी ये भी कहना मुश्किल है। बता दें, जहांआरा आलम साल 2011 से बांग्लादेश महिला टीम के लिए खेल रही हैं।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बयान में बताया 

 ‘जहांआरा आलम ने हमें एक लेटर दिया था, जिसमें कहा गया था कि वह खेलने के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं है और उन्होंने दो महीने के लिए क्रिकेट से ब्रेक लिया है। उन्होंने यहां तक ​​कहा कि यदि आवश्यक हो, तो उसे अनुबंध में नहीं रखा जाना चाहिए। हमें इसका सम्मान करने की आवश्यकता है, क्योंकि अगर किसी को लगता है कि वह मानसिक रूप से तैयार नहीं है और कुछ दिनों के लिए ब्रेक लेना चाहती है, तो हमें इसे स्वीकार करने की आवश्यकता है। कोई समय सीमा नहीं है, जिसके लिए वह बाहर है। जब भी वह ठीक महसूस करेंगी, वह हमें बताएंगी।’

जहांआरा का इंटरनेशनल करियर 

जहांआरा आलम ने अपने करियर में बांग्लादेश के लिए अब तक 52 वनडे और 83 टी20 मैच खेले हैं। वनडे में उन्होंने 4.26 की इकॉनमी से 48 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, टी20 में उनके नाम 60 विकेट दर्ज हैं। टी20 में भी उनकी इकॉनमी 6 से कम की है।

राष्ट्रीय टीम से एक साल दूर रहने के बाद, वह टी20 विश्व कप से पहले टीम में लौटी थी, लेकिन उन्हें एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। घरेलू मैदान पर आयरलैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में भी उन्हें टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें केवल टी20 मैचों में मौका दिया गया, जबकि एकदिवसीय मैचों में खेलने का अवसर नहीं मिला।

फिलहाल, बांग्लादेश महिला टीम वेस्टइंडीज दौरे पर जहांआरा के बिना जा रही है। महिला टीम पहली बार कैरेबियाई दौरे पर जा रही है, जहां वे तीन-तीन वनडे और टी20 मैच खेलेंगी।

close whatsapp