बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान ने थर्ड-क्लास प्रदर्शन किया: बासित अली
बांग्लादेश ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया।
अद्यतन - Sep 4, 2024 6:23 pm

रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया। इसके साथ ही बांग्लादेश ने दो मैच की टेस्ट सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया। सीरीज के दौरान पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और मेहमान टीम दबदबा बनाते हुए नजर आई।
वहीं दूसरे टेस्ट के हारने के बाद पाकिस्तान टीम की खूब आलोचना हो रही है। इसी क्रम में टेस्ट सीरीज के खत्म होने के बाद पूर्व खिलाड़ी बासित अली ने पाकिस्तान टीम को जमकर फटकार लगाई है। बासित अली ने शान मसूद की कप्तानी की जमकर आलोचना की है।
यह थर्ड क्लास प्रदर्शन था- बासित अली
बता दें कि, दूसरे टेस्ट मैच में एक समय पाकिस्तान काफी अच्छी स्थिति में था। उसने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 274 रन बनाए थे, जिसके जवाब में बांग्लादेश का स्कोर एक समय पर 26 रन पर छह विकेट था। हालांकि, इसके बाद लिटन दास ने अपनी टीम की ओर से 138 रनों की बहुमूल्य पारी खेली और टीम के स्कोर को 262 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दास के अलावा मेहदी हसन मिराज ने 78 रन बनाए। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच सातवें विकेट के लिए 165 रनों की बहुमूल्य साझेदारी हुई।
पाकिस्तान दूसरे टेस्ट को आसानी से अपने नाम कर सकता था, लेकिन टीम दूसरी पारी में सिर्फ 172 रनों पर सिमट गई। इसके बाद बांग्लादेश ने 185 रनों के लक्ष्य को चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।
बासित अली ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा की, जिसमें उन्होंने कहा कि, ‘यह थर्ड-क्लास प्रदर्शन था। पाकिस्तान कप्तानी की वजह से टेस्ट मैच हार गया। 26 रन पर छह विकेट गिरने के बाद कप्तान की भूमिका काफी महत्वपूर्ण थी। हालांकि, लिटन दास और मेहदी हसन मिराज ने काफी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया।’
पीसीबी अध्यक्ष के पुराने बयान को लेकर बासित अली ने किया रिएक्ट
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने बड़ा बयान दिया था, जिस पर बासित अली ने रिएक्ट किया है। दरअसल, पीसीबी अध्यक्ष ने कहा था, ‘मुझे लगता है कि टीम को छोटी सी सर्जरी की जरूरत है, क्योंकि वो मुकाबले नहीं जीत रही है लेकिन अब लगता है की बड़ी सर्जरी करनी पड़ेगी। जिस तरीके से हम भारत और USA के खिलाफ मैच हारे हैं वो सच में निराशाजनक था। टीम के अलावा हमें खिलाड़ियों को देखना बेहद जरूरी हो गया है।’
इस बयान को लेकर अब बासित अली ने कहा कि, ‘सर्जरी की कोई जरूरत नहीं है। पाकिस्तान टीम ने खुद ही सर्जरी कर ली है। पीसीबी अध्यक्ष को यह बात सोचनी चाहिए। पिछले 6 महीनों में पाकिस्तान ने दो बड़े इवेंट्स में शिकस्त पाई है।’