बांग्लादेश ने श्रीधरन श्रीराम को एशिया कप 2022 और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए मुख्य कोच नियुक्त किया - क्रिकट्रैकर हिंदी

बांग्लादेश ने श्रीधरन श्रीराम को एशिया कप 2022 और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए मुख्य कोच नियुक्त किया

एशिया कप 2022 27 अगस्त से यूएई में शुरू हो रहा है।

Sridharan Sriram
Sridharan Sriram. (Photo Source: Twitter)

भारत के पूर्व क्रिकेटर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिन कोच श्रीधरन श्रीराम को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) द्वारा आगामी एशिया कप 2022 और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए बांग्लादेश क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। हालांकि, रसेल डोमिंगो अब बांग्लादेश टेस्ट टीम का कार्यभार संभालेंगे।

आपको बता दें, साल 2000 और 2004 के बीच आठ वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले श्रीधरन श्रीराम ने छह साल से अधिक समय तक ऑस्ट्रेलिया के साथ बतौर सहायक और स्पिन-गेंदबाजी कोच काम किया है। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के साथ अपनी भूमिका (स्पिन-गेंदबाजी कोच) पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कुछ हफ्ते पहले ऑस्ट्रेलिया का साथ छोड़ा था।

बांग्लादेश ने श्रीधरन श्रीराम को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

बीसीबी (BCB) के निदेशक ने बांग्लादेश के मुख्य कोच के रूप में श्रीधरन श्रीराम की नियुक्ति की आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है। इस बीच, बीसीबी (BCB) ने इस बात की भी पुष्टि की है कि उन्होंने रसेल डोमिंगो को बर्खास्त नहीं किया है, बल्कि वह बांग्लादेश के खिलाड़ियों को टेस्ट मैचों के लिए कोचिंग देना जारी रखेंगे, क्योंकि वे इस साल नवंबर में दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत की मेजबानी करने जा रहे हैं।

बांग्लादेश के द डेली स्टारअखबार की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीसीबी (BCB) के निदेशक ने कहा: “हां, हमने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 तक के लिए श्रीधरन श्रीराम को अपने मुख्य कोच के रूप में चुना है। जैसा कि हम एक नई मानसिकता के साथ आगे बढ़ रहे हैं, एशिया कप 2022 से नया कोच टीम का मार्गदर्शन करेगा।

चूंकि टी-20 वर्ल्ड कप हमारा मुख्य लक्ष्य है, इसलिए अगर हम नए कोच को एशिया कप से टीम की बागडोर नहीं सौंपते, तो उसे टीम के साथ अधिक समय नहीं मिल पाता। हमारा मुख्य फोकस टी-20 वर्ल्ड कप 2022 पर है, जिसके लिए श्रीधरन श्रीराम का जल्द से जल्द टीम से जुड़ना जरुरी था।”

close whatsapp