BCCI ने 17 महिला खिलाड़ियों को दिया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट; जानिए कौन किस ग्रेड में शामिल है - क्रिकट्रैकर हिंदी

BCCI ने 17 महिला खिलाड़ियों को दिया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट; जानिए कौन किस ग्रेड में शामिल है

BCCI ने सालाना अनुबंध में महिला क्रिकेटरों के वेतन का जिक्र नहीं किया है।

Indian Women Team (Photo Source ICC Twitter)
Indian Women Team (Photo Source ICC Twitter)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 27 अप्रैल को 2022-23 सीजन के लिए भारतीय सीनियर महिला क्रिकेट टीम के लिए वार्षिक खिलाड़ी अनुबंधों की घोषणा की। BCCI द्वारा भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए जारी वार्षिक अनुबंध सूची में 17 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, और उन्हें तीन ग्रेड- ए, बी और सी में बांटा गया है।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर, उप-कप्तान स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को आगामी सीजन के लिए ग्रेड-ए में रखा गया है। बाएं-हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़, जो पहले ग्रेड ए में थीं, को ग्रेड बी में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां रेणुका ठाकुर और जेमिमा रोड्रिग्स जैसे युवा स्टार शामिल है।

BCCI ने महिला क्रिकेटरों के लिए वार्षिक अनुबंध की घोषणा की

वहीं, BCCI ने पूनम यादव को इस साल कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं दिया है, जबकि स्नेह राणा, और यस्तिका भाटिया सहित सात अन्य प्लेयर्स को ग्रेड सी में रखा गया है। हालांकि, BCCI ने सालाना अनुबंध में महिला क्रिकेटरों के वेतन का जिक्र नहीं किया है, लेकिन बोर्ड ने कुछ महीनों पहले कहा था कि महिला क्रिकेटर अब पुरुष क्रिकेटरों के बराबर मैच फीस अर्जित करेंगी।

इसका मतलब यह है कि अब महिला क्रिकेटर एक टेस्ट मैच के लिए 15 लाख रुपये, एक वनडे मैच के लिए 6 लाख और एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए 3 लाख रुपये कमाएंगी। इससे पहले, महिला क्रिकेटरों को एक ODI या T20I के लिए 1 लाख रुपये और एक टेस्ट मैच के लिए 2.5 लाख रुपये मिलते थे।

आपको बता दें, बीसीसीआई द्वारा 2020-21 सीजन के लिए आखिरी बार घोषित वार्षिक अनुबंध के अनुसार, महिला खिलाड़ियों को 50 लाख रुपये (ग्रेड ए), 30 लाख रुपये (ग्रेड बी) और 10 लाख रुपये (ग्रेड सी) दिया गया था। वहीं, पुरुषों के नवीनतम वार्षिक अनुबंध के अनुसार, ग्रेड ए प्लस – 7 करोड़ रुपये, ग्रेड ए – 5 करोड़ रुपये, ग्रेड बी – 3 करोड़ रुपये और ग्रेड सी – 1 करोड़ रुपये में बांटा गया है।

ग्रेड डिवीजन में वार्षिक खिलाड़ी अनुबंध की पूर्ण सूची:

ग्रेड ए: हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा

ग्रेड बी: रेणुका ठाकुर, जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष, राजेश्वरी गायकवाड़

ग्रेड सी: मेघना सिंह, देविका वैद्य, सबबिनेनी मेघना, अंजलि सरवानी, पूजा वस्त्रकार, स्नेह राणा, राधा यादव, हरलीन देओल, यस्तिका भाटिया

close whatsapp