BCCI announces revised schedule: BCCI ने बदला 3 मैचों का शेड्यूल, अब इस नए स्टेडियम में भी होगा मैच
ग्वालियर को 14 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट की मेजबानी मिली है।
अद्यतन - अगस्त 14, 2024 1:12 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार 13 अगस्त 2024 को टीम इंडिया (सीनियर मेंस) के आगामी घरेलू सत्र 2024-25 के लिए अपडेटेड शेड्यूल की घोषणा की। BCCI को टीम इंडिया के 3 मैचों का शेड्यूल बदलना पड़ा है। भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टी20 मैच, जो पहले में 6 अक्टूबर 2024 को धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में होना था, अब ग्वालियर में आयोजित होगा। बता दें कि ग्वालियर को 14 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट की मेजबानी मिली है।
हालांकि, यह वो स्टेडियम नहीं है, जहां सचिन तेंदुलकर ने मेंस वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट का पहला दोहरा शतक जड़कर इतिहास रचा था। सचिन तेंदुलकर ने कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में ODI क्रिकेट में दोहरा शतक लगाया था, जबकि ये नया स्टेडियम है, जिसका नाम श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम है।
दरअसल, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा ड्रेसिंग रूम में किए जा रहे अपग्रेड और नवीनीकरण कार्य के कारण भारत-बांग्लादेश पहले टी-20 मैच को ग्वालियर शिफ्ट किया गया है। हालांकि, मैच अभी भी 6 अक्तूबर को ही खेला जाएगा।
BCCI announces revised schedule: इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के वेन्यू में हुआ बदलाव
इसके अलावा बोर्ड ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले और दूसरे टी-20 मैचों के आयोजन स्थलों में बदलाव की घोषणा की है। चेन्नई का चेपॉक स्टेडियम भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टी20 मैच की मेजबानी करने वाला था, लेकिन अब ये स्टेडियम दूसरे मैच की मेजबानी करेगा, जबकि कोलकाता को पहले टी20 मैच की मेजबानी सौंपी गई है। कोलकाता में दूसरा टी20 मैच खेला जाना था, लेकिन दूसरा मैच अब चेन्नई में होगा।
मैचों की तारीखों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पहला टी-20 मैच 22 जनवरी 2025 को और दूसरा टी-20 मैच 25 जनवरी 2025 को ही खेला जाएगा। बीसीसीआई ने जानकारी दी है कि कोलकाता पुलिस द्वारा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल से उनकी पूर्व गणतंत्र दिवस प्रतिबद्धताओं और दायित्वों के संबंध में अनुरोध किए जाने के बाद वेन्यू में परिवर्तन करना जरूरी हो गया था। यही कारण है कि पहला मैच कोलकाता में खेला जाएगा।