BCCI ने महिला प्रीमियर लीग 2023 के शेड्यूल की घोषणा की - क्रिकट्रैकर हिंदी

BCCI ने महिला प्रीमियर लीग 2023 के शेड्यूल की घोषणा की

WPL के पहले सत्र का फाइनल 26 मार्च को ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा।

Women Premier League (Pic Source-Twitter)
Women Premier League (Pic Source-Twitter)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने महिला प्रीमियर लीग 2023 के शेड्यूल की घोषणा कर दी है। बता दें, 13 फरवरी को मुंबई के जिओवर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में इस शानदार टूर्नामेंट का ऑक्शन आयोजित किया गया था। सभी 5 फ्रेंचाइजियों ने अपनी-अपनी टीम में कई बेहतरीन खिलाड़ियों को शामिल किया।

5 फ्रेंचाइजी जो इस महिला प्रीमियर लीग के पहले सत्र में आपस में भिड़ेगी उनका नाम है- दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात जायंट्स, मुंबई इंडियंस, यूपी वॉरियर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर। सभी फ्रेंचाइजियों ने कई अनुभवी और युवा खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया है।

भारतीय टीम की अनुभवी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना इस शानदार टूर्नामेंट की सबसे महंगी खिलाड़ी बनी। उनको रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 3.40 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया। भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को मुंबई इंडियंस ने 1.80 करोड़ रुपए में खरीदा। विदेशी खिलाड़ियों की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर और इंग्लैंड की ऑलराउंडर नाट सिवर को गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस ने 3.20 करोड़ रुपए में खरीदा।

अंडर-19 भारतीय खिलाड़ियों में से ICC अंडर-19 टी-20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान शेफाली वर्मा को दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया। इस शानदार टूर्नामेंट का तमाम लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

4 मार्च से शुरू होगी यह शानदार लीग

बता दें, यह शानदार लीग 4 मार्च से डीवाई पाटिल स्टेडियम में शुरू होगी। पहला मैच गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच में खेला जाएगा। 5 मार्च यानी रविवार को WPL का पहला डबल हेडर मैच खेला जाएगा। पहले ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर आपस में भिड़ेंगी और फिर डीवाई पाटिल स्टेडियम में यूपी वॉरियर्स अपना पहला मुकाबला गुजरात जायंट्स के खिलाफ खेलेगी।

WPL 2023 सत्र में कुल 4 डबल हेडर मुकाबले खेले जाएंगे जिसमें से पहला मैच भारतीय समयनुसार 3:30 बजे होगा और दूसरा मुकाबला शाम को भारतीय समयनुसार 7:30 बजे खेला जाएगा। 11 मुकाबले डीवाई पाटिल में होंगे और बाकी 11 मुकाबले ब्रेबोर्न स्टेडियम मुंबई में खेले जाएंगे। लीग स्टेज का फाइनल मैच ब्रेबोर्न स्टेडियम में यूपी वॉरियर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच में होगा।

एलिमिनेटर 24 मार्च को डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा जबकि WPL के पहले सत्र का फाइनल 26 मार्च को ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा।

close whatsapp