AGM बैठक में BCCI ने महिला IPL को दी मंजूरी, अगले साल से होगा इस शानदार टूर्नामेंट का पहला सत्र
BCCI खुद चाहता है कि महिला क्रिकेट को और बढ़ावा दिया जाए जिससे और भी खिलाड़ी इस खेल से जुड़े।
अद्यतन - Oct 18, 2022 6:45 pm

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की वार्षिक आम बैठक (AGM) आज यानी 18 अक्टूबर को मुंबई में हुई। इस बैठक में एजेंडा से संबंधित कई नई चीजें लागू हुईं। बता दें, आज सौरव गांगुली का BCCI अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल समाप्त हो गया है और उनकी जगह रोजर बिन्नी को नया BCCI अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
आज इस बैठक में महिला IPL को लेकर भी बातचीत हुई और आम सभा ने IPL के महिला संस्करण के आयोजन की सराहना की है। बता दें, अगले साल यानी 2023 से महिला IPL का पहला संस्करण शुरू हो रहा है और इस खबर के बाहर आते ही तमाम खिलाड़ी काफी उत्साहित हो गए हैं।
अगले साल से शुरू हो रहा महिला IPL का पहला संस्करण
भारतीय महिला टीम ने पिछले कुछ सालों में तमाम टूर्नामेंटों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। टी-20 वर्ल्ड कप 2020 में भारतीय महिला टीम रनर-अप रही थी। भले ही 2022 महिला वर्ल्ड कप में टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह ना बना पाई हो, लेकिन बर्मिंघम में खेले गए राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया था। हाल ही में संपन्न हुए महिला एशिया कप 2022 को भी टीम ने अपने नाम किया। बता दें, भारत ने सातवीं बार यह कप जीता।
BCCI खुद चाहता है कि महिला क्रिकेट को और बढ़ावा दिया जाए जिससे और भी खिलाड़ी इस खेल से जुड़े। इससे पहले सौरव गांगुली ने भी इस बात की पुष्टि की थी कि महिला IPL का पहला संस्करण अगले साल मार्च से शुरू हो जाएगा।
रिपोर्ट्स की माने तो इस शानदार टूर्नामेंट के पहले सत्र में 5 टीमों के बीच में 20 लीग मुकाबले खेले जाएंगे और ये सभी मैच 2 जगहों पर होंगे।
और भी कई मुद्दों को लेकर हुई बातचीत
रोजर बिन्नी के बोर्ड के नए अध्यक्ष चुने जाने के बाद राजीव शुक्ला ने उपाध्यक्ष का अपना पद बरकरार रखा है। यहां तक कि जय शाह भी BCCI सचिव बने रहेंगे। देवजीत सैकिया संयुक्त सचिव और आशीष शेलार कोषाध्यक्ष होंगे। इस बीच पूर्व कोषाध्यक्ष अरुण सिंह धूमल और अविषेक डालमिया को इंडियन प्रीमियर लीग संचालन परिषद का प्रतिनिधि चुना गया है।
आम सभा ने पिछले और इस वित्तीय वर्ष के लेखा विवरण का भी गहन अध्ययन किया। यही नहीं उन्होंने सीनियर पुरुष और महिला दोनों टीमों के लिए भविष्य टूर प्रोग्राम को विधिवत मंजूरी दे दी है। पुरुषों का FTP 2023 से 2027 तक पांच साल का चक्र है जबकि महिलाओं का FTP 2022 से 2025 तक चार साल का है।