'अच्छा हुआ सूर्यकुमार यादव ने मुझे अपने बचपन में बल्लेबाजी करते हुए नहीं देखा': राहुल द्रविड़ - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘अच्छा हुआ सूर्यकुमार यादव ने मुझे अपने बचपन में बल्लेबाजी करते हुए नहीं देखा’: राहुल द्रविड़

राहुल द्रविड़ ने सूर्यकुमार यादव से कहा कि, 'एक मुख्य कोच के रूप में मुझे यह देखकर काफी अच्छा लगा कि आप अपनी फिटनेस पर काफी काम कर रहे हैं।'

Suryakumar Yadav and Rahul Dravid (Pic Source-Twitter)
Suryakumar Yadav and Rahul Dravid (Pic Source-Twitter)

7 जनवरी को खेले गए तीसरे और अंतिम टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 91 रन से मात देकर तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। मेजबान भारत की ओर से विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने 51 गेंदों में 7 चौके और 9 छक्कों की मदद से 112 रन की शानदार नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली।

बता दें, यह उनके अंतरराष्ट्रीय टी-20 करियर का तीसरा शतक है। उन्होंने इस मुकाबले में किसी भी श्रीलंकाई गेंदबाज को नहीं बख्शा और सभी पर कड़ा प्रहार किया। अंतरराष्ट्रीय टी-20 करियर में 3 या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले सूर्यकुमार यादव दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। पहले में रोहित शर्मा है जिन्होंने यह कारनामा 4 बार किया है।

मुकाबले के बाद सूर्यकुमार यादव और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के बीच बहुत ही मजेदार बातचीत हुई जिसका वीडियो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में साझा किया है।

BCCI ने इस मजेदार इंटरव्यू को अपने अधिकारी टि्वटर अकाउंट में साझा किया:

इस इंटरव्यू में भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और सूर्यकुमार यादव आपस में बात कर रहे हैं। राहुल द्रविड़ ने कहा कि, ‘काफी अच्छा लग रहा है कि आज मेरे साथ कोई ऐसा है जिसने मुझे अपने बचपन में बल्लेबाजी करते हुए नहीं देखा है और मैं चाहता भी नहीं कि वो मुझे देखें’ (हंसते हुए)।

इस पर सूर्यकुमार यादव ने हंसते कहा कि, ‘मैंने आपको बल्लेबाजी करते हुए देखा है। मैंने बस अपने खेल का पूरा लुत्फ उठाया है। पिछले साल भी मैंने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और इस साल की शुरूआत भी कुछ ऐसे ही हुई। जब भी मैं बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरता हूं तो बस इसका लुफ्त उठाना चाहता हूं। जहां बाकी टीमें इस खेल को पूरी तरह से अपने से दूर ले जाती है वहीं मेरा यह सोचना है कि अपनी बल्लेबाजी से मुकाबले को थोड़ा और आगे तक ले जाया जाए।’

इसके बाद राहुल द्रविड़ ने कहा कि, ‘ एक मुख्य कोच के रूप में मुझे यह देखकर काफी अच्छा लगा कि आप अपनी फिटनेस पर काफी काम कर रहे हैं। मैंने आपको इंडिया ए टीम में भी खेलते हुए देखा है, जब आप NCA में भी आए थे यो-यो टेस्ट के लिए और आपने डाइव लगाई थी।’

मेरे पिता और मेरी पत्नी ने मेरा काफी साथ दिया है: सूर्यकुमार यादव

इस पर सूर्यकुमार ने कहा कि, ‘ मेरे पिताजी एक इंजीनियर है और इसी वजह से मेरे परिवार में कोई भी खेल से संबंधित नहीं है। उन्होंने मेरे अंदर यह काबिलियत देखी और मुझे काफी प्रोत्साहित किया। मेरे पिता और मेरी पत्नी ने मेरा काफी साथ दिया है। इन दोनों ने मेरी फिटनेस पर काफी काम किया है और यह बात आपने भी बैंगलोर के NCA में देखी होगी। यह मेरी जिंदगी का टर्निंग प्वाइंट था।’

राहुल द्रविड़ ने आखिरी में कहा कि, ‘ आपकी फिटनेस और आप के प्रदर्शन को देखकर हम सब काफी खुश हैं और उम्मीद करते हैं कि आप आगे भी ऐसे ही खेलते रहे।’

close whatsapp