पार्थिव पटेल और प्रज्ञान ओझा चीफ सेलेक्टर की रेस में सबसे आगे, अगरकर की छुट्टी तय!
बीसीसीआई अपनी पुरुष चयन समिति में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है, क्योंकि मौजूदा मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने वाला है।
अद्यतन - सितम्बर 17, 2026 4:50 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अपनी पुरुष चयन समिति में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है, क्योंकि मौजूदा मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने वाला है।
चूंकि अगरकर को मौजूदा कार्यकाल के बाद और समय मिलने की संभावना कम है, इसलिए खबरों के अनुसार भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इस अहम भूमिका के लिए पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों पार्थिव पटेल और प्रज्ञान ओझा को मुख्य उम्मीदवारों के तौर पर चुना है।
माना जा रहा अगरकर ने 16 सितम्बर को अपनी अंतिम चयन बैठक की अध्यक्षता की थी
माना जा रहा है कि जुलाई 2023 में सीनियर पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने वाले अगरकर ने 16 सितम्बर को अपनी अंतिम चयन बैठक की अध्यक्षता की थी, जहां वेस्टइंडीज के खिलाफ व्हाइट बॉल श्रृंखला और ईरानी ट्रॉफी के लिए टीमों को अंतिम रूप दिया गया था।
हालांकि पहले की अटकलों में सुझाव दिया गया था कि अगरकर 2027 एकदिवसीय विश्व कप तक जारी रह सकते हैं, सिलेक्शन रोडमैप और वरिष्ठ खिलाड़ियों के ट्रांजीशन को लेकर एडमिनिस्ट्रेशन के भीतर बढ़ते मतभेदों ने बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) से पहले फ्रेश लीडरशिप को लाने के कदम को तेज कर दिया है।
शॉर्टलिस्ट किए गए दोनों उम्मीदवार बोर्ड के एलिजिबिलिटी क्राईटेरिया को पूरा करते हैं और उनके पास बेहतरीन अनुभव और बैकग्राउंड है, प्रज्ञान ओझा की बात करें तो इस बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट और 18 वनडे मैच खेले हैं। ओझा पहले से ही घरेलू क्रिकेट सिस्टम का हिस्सा हैं और अभी नेशनल सिलेक्शन कमिटी के सदस्य के तौर पर काम कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने अपने 16 साल के करियर में भारत के लिए 25 टेस्ट और 38 वनडे मैच खेले। गुजरात के घरेलू कप्तान के तौर पर अपनी रणनीतिक समझ और आईपीएल में कोचिंग और स्काउटिंग के अनुभव के लिए पटेल का काफी सम्मान किया जाता है।
अगरकर के कार्यकाल के दौरान, भारत ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतकर आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म किया था; इसके बाद टीम ने 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती और फिर इस साल की शुरुआत में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब सफलतापूर्वक डिफेंड कियाथा।