खिलाड़ियों की सुविधा के पीछे बीसीसीआई पानी की तरह पैसा बहा रही है!
भारत 22 जुलाई से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज का सामना करेगा।
अद्यतन - Jul 21, 2022 5:37 pm

टीम इंडिया तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज में वेस्टइंडीज से भिड़ने के लिए तैयार है, जिसकी शुरुआत 22 जुलाई से होगी। वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच पांच टी-20 मैच खेले जाएंगे। इस वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा सहित कुछ बड़े खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। रोहित की अनुपस्थिति में शिखर इस वनडे सीरीज में कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
भारत इस दौरे से पहले 3 T20I और तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर था। इसके बाद टीम को सीधे यूके से वेस्टइंडीज की यात्रा करनी थी। इस बीच, खबर आई है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपनी 16 सदस्यीय टीम को वेस्टइंडीज भेजने के लिए 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। बोर्ड को अपने खिलाड़ियों के लिए इंग्लैंड से वेस्टइंडीज की यात्रा के लिए एक चार्टर्ड फ्लाइट बुक करनी पड़ी।
भारतीय टीम ने मैनचेस्टर से सीधे पोर्ट ऑफ स्पेन की यात्रा की
इसको लेकर बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि चार्टर्ड फ्लाइट बुक करने का कारण भारतीय स्क्वॉड में खिलाड़ियों की पत्नियों और सहयोगी स्टाफ सहित सदस्यों की संख्या थी। बीसीसीआई ने चार्टर्ड उड़ान पर 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए, जो टीम इंडिया को मंगलवार दोपहर मैनचेस्टर से सीधे पोर्ट ऑफ स्पेन तक ले गया।
टाइम्स ऑफ़ इंडिया के हवाले से अधिकारी ने कहा कि, “टीम के लिए चार्टर्ड फ्लाइट बुक करने का कारण कोविड -19 नहीं था। दरअसल कमर्शियल उड़ान पर इतने सारे टिकट बुक करना मुश्किल था। भारतीय स्क्वॉड में मुख्य कोच राहुल द्रविड़ सहित 16 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के सदस्य शामिल हैं। साथ ही खिलाड़ियों की पत्नियां भी हैं जिन्होंने वेस्टइंडीज की यात्रा की है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “आम तौर पर, एक व्यावसायिक उड़ान में, यह खर्च लगभग 2 करोड़ रुपये होता। मैनचेस्टर से पोर्ट ऑफ स्पेन के लिए बिजनेस क्लास का टिकट करीब 2 लाख रुपये का होगा। एक चार्टर्ड उड़ान अधिक महंगी है, लेकिन यह एक तार्किक विकल्प है। आज के दिन में अधिकांश फ़ुटबॉल टीमों के पास यात्रा करने के लिए एक चार्टर फ्लाइट है।