इस दिग्गज ने छोड़ा टीम इंडिया का साथ, कई खिलाड़ियों के बना चुके हैं करियर। CricTracker Hindi

इस दिग्गज ने छोड़ा टीम इंडिया का साथ, कई खिलाड़ियों के बना चुके हैं करियर

रिपोर्ट के मुताबिक BCCI के स्पोर्ट्स साइंस विंग के हेड नितिन पटेल इस महीने के अंत तक अपना पद छोड़ देंगे।

Nitin Patel (Image Source: BCCI/Getty Images)
Nitin Patel (Image Source: BCCI/Getty Images)

आज यानी 14 मार्च को टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक BCCI के स्पोर्ट्स साइंस विंग के हेड नितिन पटेल इस महीने के अंत तक अपना पद छोड़ देंगे। भारत के ऐसे कई खिलाड़ी हैं, जिनका करियर नितिन पटेल ने बचाया और बनाया है।

पटेल इससे पहले टीम इंडिया और मुंबई इंडियंस के लिए फिजियो के तौर पर काम कर चुके हैं। अब BCCI को जल्द ही उनके विकल्प की तलाश करनी होगी। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक नितिन पटेल फिलहाल नोटिस पीरियड पर हैं, जो मार्च में पूरा हो जाएगा। इसके बाद वो बीसीसीआई के इस पद को छोड़कर चले जाएंगे।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि वो बुमराह के रिहैब का मैनेजमेंट कर रहे हैं। पटेल पिछले 3 साल से BCCI के स्पोर्ट्स साइंस विंग के हेड की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इससे पहले वो टीम इंडिया के लिए फिजियो के तौर पर काम कर रहे थे।

नितिन पटेल की विशेषज्ञता को देखते हुए उन्हें NCA में टीम इंडिया के खिलाड़ियों के साथ काम करने की जिम्मेदारी दी गई थी। पिछले 3 सालों में उन्होंने अपने काम को बखूबी निभाया। जसप्रीत बुमराह जब पिछली बार इंजरी का शिकार हुए थे, तब उनकी जिम्मेदारी नितिन पटेल को ही मिली थी। बुमराह का मैदान पर वापसी करना मुश्किल हो गया था। वो करीब 1 साल तक टीम से बाहर रहे थे। लेकिन पटेल ने अपनी निगरानी में उनका रिहैब कराया। इसके बाद बुमराह ने वापसी की और वो पहले से भी घातक गेंदबाज बनकर लौटे।

बुमराह के बाद पटेल ने केएल राहुल, श्रेयस अय्यर को भी रिहैब करने में मदद की थी। उनकी वजह से दोनों खिलाड़ी 2023 के वनडे वर्ल्ड कप से ठीक पहले टीम में वापसी कर सके थे। अभी हाल ही में शमी का करियर खतरे में लग रहा था। लेकिन पटेल ने उनके रिहैब में दिन-रात एक कर दिया। यहां तक कि कई मैच के दौरान वो उनके साथ भी रहे। अंत में चैंपियंस ट्रॉफी से ठीक पहले उन्होंने शमी की टीम में वापसी कराई।

टीम इंडिया ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को किया अपने नाम

टीम इंडिया ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इस शानदार टूर्नामेंट को अपने नाम किया। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत दर्ज की। भारत की ओर से सभी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

अब इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की शुरुआत होने वाली है। यह टूर्नामेंट 22 मार्च से शुरू हो रहा है। भारतीय टीम के खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है।

close whatsapp