ACC के साथ मीटिंग से पहले PCB अध्यक्ष नजम सेठी ने BCCI को लेकर दिया बड़ा बयान
एशिया कप 2023 इसी साल वर्ल्ड कप से ठीक पहले आयोजित किया जाएगा।
अद्यतन - जनवरी 25, 2023 2:16 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष जय शाह ने अक्टूबर 2022 को यह बयान दिया था कि भारतीय टीम एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी। इस बयान के बाद पाकिस्तान मैनेजमेंट पूरी तरह से हिल गया था। उस समय के PCB अध्यक्ष रमीज राजा ने कहा था कि, ‘अगर भारत एशिया कप 2023 को खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं आता है तो पाकिस्तान भी वनडे वर्ल्ड कप 2023 को खेलने के लिए भारत नहीं जाएगा।’
जय शाह के उस बयान के बाद PCB अधिकारी उनसे मिलना चाहते थे लेकिन ऐसा नहीं हो सका। हालांकि PCB के नए प्रमुख नजम सेठी ने पुष्टि की है कि ACC अधिकारियों ने आखिरकार गवर्निंग बॉडी से मिलने का फैसला किया है और एशिया कप 2023 को लेकर भी जल्द से जल्द फैसला लिया जाएगा।
नजम सेठी ने कहा कि, ‘आखिरकार ACC अधिकारियों से मिलने की डेट सामने आ गई है। मैं ACC मीटिंग में उपस्थित रहूंगा जो 4 फरवरी को बहरीन में होनी है। इस समय हमें नहीं पता है कि किस चीज पर बातचीत की जाएगी लेकिन मैं इस मीटिंग में सभी के ऊपर कड़ी निगरानी रखूंगा’
PCB अध्यक्ष ने आगे कहा कि, ‘ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड चाहता है कि पाकिस्तान भारत आए लेकिन वो खुद यह नहीं चाहते कि भारत पाकिस्तान में खेले। यह हमारे लिए काफी नई बात है।’
नजम सेठी मोहम्मद आमिर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलते हुए देखना चाहते हैं
हाल ही में नजम सेठी ने यह कहा है कि अगर आमिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपना संन्यास वापस ले लेते हैं तो वो पाकिस्तान टीम से खेलते हुए नजर आ सकते हैं। बता दें, पूर्व PCB अध्यक्ष रमीज राजा ने इस बात की पुष्टि कर दी थी कि कोई भी क्रिकेटर जो पाकिस्तान में मैच फिक्सिंग में या उससे संबंधित चीजों का दोषी पाया गया है वो राष्ट्रीय टीम में वापसी नहीं कर सकता। हालांकि नजम सेठी का मानना ऐसा बिल्कुल भी नहीं है।
नजम सेठी ने आगे कहा कि, ‘अगर मोहम्मद आमिर अपना संन्यास वापस ले लेते हैं तो वो पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल सकते हैं। मैं मैच फिक्सिंग के खिलाफ हूं लेकिन अगर किसी खिलाड़ी ने अपनी सजा पूरी कर ली है तो वो टीम में शामिल हो सकता है।’