लांस क्लूजनर ने बताया बेन स्टोक्स के साथ हार्दिक पांड्या की तुलना क्यों नहीं की जा सकती - क्रिकट्रैकर हिंदी

लांस क्लूजनर ने बताया बेन स्टोक्स के साथ हार्दिक पांड्या की तुलना क्यों नहीं की जा सकती

लांस क्लूजनर ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जीतने के लिए अपनी पसंदीदा टीम चुनी।

Lance Klusener, Ben Stokes and Hardik Pandya (Image Source: Getty Images)
Lance Klusener, Ben Stokes and Hardik Pandya (Image Source: Getty Images)

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर लांस क्लूजनर का मानना है कि इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान और स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स और भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को इस समय एक श्रेणी में नहीं रखा जा सकता है, दोनों का इस समय कोई मेल नहीं है। दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज का मानना है कि पांड्या को स्टोक्स की बराबरी करने के लिए अभी थोड़ा समय है, लेकिन वह निश्चित ही भविष्य में दुनिया के बेस्ट ऑलराउंडरों में शुमार होंगे।

लांस क्लूजनर ने हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से कहा लोग हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी पर ज्यादा बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि सभी का फोकस उनकी गेंदबाजी पर है। हालांकि, इसमें कोई संदेह नहीं है कि पांड्या सीमित ओवरों के क्रिकेट में टीम इंडिया के लिए मैच-विजेता है, लेकिन सब बड़ा सवाल ये है कि क्या वह खेल के सभी प्रारूपों में लगातार अपने कोटे की गेंदबाजी कर सकते है? उनकी बल्लेबाजी लगभग दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों के समान है, लेकिन यहां सवाल गेंदबाजी का है, और उन्हें खेल के इस पहलु में खुद को साबित करना बाकी है।

हार्दिक पांड्या की फिलहाल बेन स्टोक्स के साथ कोई बराबरी नहीं है: लांस क्लूजनर

जब उनसे पूछा गया कि क्या आप हार्दिक पांड्या और बेन स्टोक्स को एक ही श्रेणी में रखेंगे, तो लांस क्लूजनर ने कहा: “मुझे लगता है कि स्टोक्स पांड्या जैसे व्यक्ति की तुलना में थोड़ा अधिक कम्पलीट ऑलराउंडर हैं, लेकिन यह भी सच है कि भारतीय ऑलराउंडर समय के साथ बहुत जल्दी चीजें सीख रहा है। पिछले दो-तीन वर्षों में हार्दिक पांड्या ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार विकास किया है।

लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह अभी तक पूरी तरह से तैयार है। वह जितनी जल्दी खेल के सभी प्रारूपों में अपने सभी ओवरों को फेंकने में सफल हो जाता है, हम उसे निश्चित रूप से सभी महान ऑलराउंडरों की श्रेणी में रख सकते हैं। वह दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडरों की सूची में जगह बनाने की राह पर निकल पड़ा है, लेकिन उसे अभी वहां पहुंचने में थोड़ा समय है। इसलिए मैं फिलहाल पांड्या की बेन स्टोक्स के साथ बराबरी नहीं कर सकता।”

पूर्व दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर ने आगे मेजबान ऑस्ट्रेलिया को आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जीतने के लिए पसंदीदा टीम के रूप में चुना है। हालांकि, क्लूजनर का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका, भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड ये टीमें भी टूर्नामेंट में कड़ी चुनौती पेश कर सकती है। उन्होंने अंत में कहा अगर ये टीमें लगातार अच्छा प्रदर्शन करती है, तो फिर सभी के पास टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जीतने के बराबर मौके होंगे।

close whatsapp